माउंट मोनगानुई: भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुक्रवार को चौथे वनडे में न्यूजीलैंड के हाथों मिली 244 रन की करारी हार का ठीकरा पिच की प्रकृति में बदलाव पर फोड़ते हुए कहा कि पहले यह बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी लेकिन बाद में इससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलने लग गई थी। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद सभी विकेट खोकर 333 रन बनाए लेकिन भारत की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर आउट हो गई। तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने 27 रन देकर छह विकेट लिए।
श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट ANI)
इस हार को स्वीकार करना है मुश्किल
वनडे में पहली बार भारत की कप्तानी कर रहे अय्यर ने मैच के बाद कहा,'मुझे लगता है कि इसे स्वीकार करना मुश्किल है लेकिन दोनों पारियों की विकेट में बहुत बड़ा अंतर था। लेकिन हेनरी ने जिस तरह से पहली गेंद से ही सही जगहों पर गेंदबाजी की, उसके लिए वह प्रशंसा के पात्र हैं। न्यूजीलैंड ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे हमें लगा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है। हमने कुछ कैच छोड़े लेकिन खेल में ऐसा होता है।'
हमने अपना विकेट इनाम में नहीं दिया
अय्यर ने आगे कहा,'जब हम ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो हमें लगा कि हम आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेंगे। लेकिन जिस तरह से गेंद अंदर-बाहर स्विंग हो रही थी, उससे आप यह तय नहीं कर सकते थे कि किस तरह खेलना है। हमारे किसी भी बल्लेबाज ने अपना विकेट इनाम में नहीं दिया। सभी अच्छी गेंद पर आउट हुए। हमें इस हार को भूलकर यह विश्लेषण करना होगा कि गेंदबाजी और बल्लेबाजी में क्या गलत हुआ। हमने दो मैच जीते हैं और अब हमें नए सिरे से मैदान पर उतरना होगा।'
हेनरी नई गेंद और मददगार विकेट पर है शानदार गेंदबाज
न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश थे, हालांकि उन्हें लगा कि शुरुआत में वे प्रतिस्पर्धी स्कोर से लगभग 20 रन पीछे रह गए थे। हेनरी की अगुवाई में गेंदबाजों ने विकेट लेकर इसकी भरपाई कर दी। उन्होंने कहा,'मैं इस जीत से काफी खुश हूं। दोबारा गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला, इसलिए बहुत खुश हूं। यंग ने शानदार बल्लेबाजी की और विकेट गंवाने के बावजूद हमने अच्छा स्कोर बनाया। हम वैसे 360 रन बनाने की सोच रहे थे। हेनरी आज खेलना चाहता था। नई गेंद से और थोड़ी मददगार विकेट पर वह सबसे अच्छा गेंदबाज है।'
सही स्थान पर गेंद करने पर दिया ध्यान
हेनरी ने अभ्यास के दौरान साथी खिलाड़ी डेवोन कॉनवे से टक्कर होने के कारण सिर में लगी चोट के बाद वापसी की। इस तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्होंने सही स्थान पर गेंद करने पर ध्यान दिया जिससे उन्हें फायदा मिला। उन्होंने कहा,'वापसी करके बहुत अच्छा लग रहा है। मैंने सही स्थान पर गेंद करने पर ध्यान दिया। जिस तरह से हवा चल रही थी, मुझे स्विंग की ज्यादा चिंता नहीं थी। इसलिए पहली गेंद से ही मेरा मकसद अपनी ताकत का इस्तेमाल करना और विकेट को निशाना बनाकर गेंदबाजी करना था। उम्मीद है कि हम अगले मैच में भी अच्छा प्रदर्शन करके श्रृंखला बराबर करने में सफल रहेंगे।'
(भाषा)
