नई दिल्ली: इस समय सभी टीमें टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी हुई हैं। इस बीच पाकिस्तान को अपनी घरेलू जमीन पर सात टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के हाथों 4-3 से शिकस्त मिली। जहां बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने टॉप ऑर्डर में दमदार प्रदर्शन किया, वहीं पाकिस्तान के लिए मिडिल ऑर्डर चिंता का विषय बना हुआ है। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर निराशा जाहिर की है।
बाबर आजम और शोएब अख्तर
बता दें कि सातवें व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में पाकिस्तान की टीम 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 142 रन बना सकी। अधिकांश बल्लेबाज सिंगल डिजिट में रन बना सके। अपने यूट्यूब चैनल पर अख्तर ने कहा कि वो पाकिस्तान टीम के फॉर्म को लेकर चिंतित हैं और मिडिल ऑर्डर की परेशानी को देखते हुए उन्हें डर है कि कही टीम टी20 वर्ल्ड कप के पहले राउंड में बाहर नहीं हो जाएं।
शोएब अख्तर ने कहा, 'पाकिस्तान का मिडिल ऑर्डर अच्छा नहीं हैं। अगर ओपनर्स प्रदर्शन नहीं करें तो मिडिल ऑर्डर लड़खड़ा जाएगा। यह वर्ल्ड कप जीतने का एक रास्ता नहीं हैं। ऐसे काम नहीं चलेगा। वर्ल्ड कप को देखते हुए मुझे लगता है कि कहीं पाकिस्तान की टीम पहले राउंड में बाहर नहीं हो जाएं। मुझे इस टीम के साथ डर है। इसलिए मैंने सकलैन और अन्य लोगों की आलोचना की। हालांकि, वो लोग सुन नहीं रहे हैं।'
पूर्व तेज गेंदबाज ने आगे कहा, 'मगर उम्मीद है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप में अच्छी वापसी करे और इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्राई सीरीज में शानदार प्रदर्शन करे। मैं पाकिस्तान को बेहतर प्रदर्शन करते हुए देखना चाहता हूं और उन्हें हारते हुए देखना दुखद है। मगर पाकिस्तान की टीम की स्थिति सही नहीं है और यहां उनके लिए चीजें आसान नहीं हैं। उम्मीद है कि वो मेरे वीडियो से पाकिस्तान एक या दो चीजें सीखे और अपने मिडिल ऑर्डर में सुधार करें। बाबर आजम हर मैच में प्रदर्शन नहीं कर सकते हैं।'
पाकिस्तान की टीम हाल ही में एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंची थी, जहां उसका मिडिल ऑर्डर संघर्ष करता दिखा था। जहां टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान स्क्वाड की घोषणा हो चुकी है, वहीं कई विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ऑर्डर में कम अनुभव टीम के लिए भारी पड़ेगा।
