नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने हार्दिक पांड्या की तारीफ की और कहा कि इस समय टी20 क्रिकेट में वो बेन स्टोक्स से काफी आगे हैं। पांड्या ने इस साल शानदार प्रदर्शन किया और कई मौकों पर गेंद व बल्ले दोनों से प्रभावित किया। इस साल टी20 वर्ल्ड कप के लिए हार्दिक पांड्या को भारतीय टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक माना जा रहा है। वॉटसन ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए भारतीय ऑलराउंडर की तारीफ की और कहा कि इस समय वो अपनी शक्तियों के चरम पर है और उन्हें खेलते देखने में काफी आनंद आता है।
हार्दिक पांड्या
वॉटसन ने कहा, 'हार्दिक पांड्या इस समय अपनी शक्तियों के चरम पर है। उन्हें खेलते देखने में बहुत मजा आता है। मुझे तेज गेंदबाज ऑलराउंडर को देखना पसंद है, जो मैच का रुख बदल सकते हैं। आप जानते हैं, उनका प्रभाव ऐसा होता है कि वो किसी भी समय विरोधी टीम से मैच को दूर लेकर जा सकते हैं। फिर चाहे उनके हाथ में गेंद हो या फिर बल्ला।' पता हो कि टी20 क्रिकेट में हार्दिक पांड्या की अधिकांश बेन स्टोक्स से तुलना होती है। दोनों को बेहतरीन ऑलराउंडर माना जाता है।
हालांकि, शेन वॉटसन अपनी पसंद को लेकर काफी स्पष्ट हैं और उन्होंने कहा कि टी20 क्रिकेट में भारतीय ऑलराउंडर स्टोक्स से काफी आगे हैं। वॉटसन ने कहा कि अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और अन्य खूबियों के कारण पांड्या दोनों ऑलराउंडर्स में से बेहतर हैं। पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, 'हार्दिक पांड्या जिस तरह खेल रहे हैं, उन्हें देखने में मजा आता है। टी20 क्रिकेट की बात हो तो हार्दिक हमेशा बेन स्टोक्स से आगे हैं। हार्दिक जबर्दस्त हैं।'
