बेंगलुरु: गुजरात जायंट्स के लिए खेलने वाली 24 वर्षीय सयाली सतघरे के नाम विमेंस प्रीमियर लीग का एक स्पेशल रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। सयाली विमेंस प्रीमियर लीग इतिहास की पहली कन्कशन सब्स्टीट्यूट बन गई हैं। रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में सयाली दयालन की जगह मैदान पर उतरीं।
सयाली सतघरे
दयालन हेमलता कैच लेते हुए हुईं चोटिल
दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी के दौरान दयालन हेमलता फील्डिंग करते हुए 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कैच लेने की कोशिश में चोटिल हो गईं। कैथरीन ब्रेस की गेंद पर उन्होंने जेस जॉनासेन को जीवन दान दिया। गेंद सीधे हेमलता के चेहरे पर जा लगी। गेंद लगते ही फीजियो और मेडिकल स्टाफ हेमलता के पास पहुंचा। कन्कशन की पुष्टि होने के बाद उनकी जगह मैदान पर सयाली सतघरे प्लेइंग 11 में शामिल किया गया। इसके साथ ही सयाली का नाम विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली कन्कशन्स सब्स्टीट्यूट के रूप में दर्ज हो गया।
नीलामी में नहीं मिला था कोई खरीदार
सयाली घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलती हैं। 24 वर्षीय सयाली को गुजराज जायंट्स ने काश्वी गौतम की जगह टीम में शामिल किया है। सयाली डब्लूपीएल की नालामी में अनसोल्ड रही थीं। उन्हें 10 लाख के बेस प्राइज पर कोई खरीदार नहीं मिला था। ऐसे में काश्वी गौतम का चोटिल होना उनके लिए वरदान बन गया और विमेंस प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन के लिए उन्हें गुजरात जायंट्स के दल में जगह मिल गई।
साल 2021 में नागालैंड के खिलाफ मचाया था धमाल
साल 2021 में सयाली ने मुंबई के लिए खेलते हुए नागालैंड के खिलाफ सीजनियर वनडे ट्रॉफी के मुकाबले में 7 विकेट झटके थे। उनके इस स्पेल की वजह से नागालैंड की टीम महज 17 रन पर ढेर हो गई थी। इस गेंदबाजी प्रदर्शन के दौरान 4 विकेट मेडन भी डाले थे। उन्होंने साल 2023 में मुंबई की सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका अदा की थी। 10 मैच में उन्होंने 8 विकेट अपने नाम किए थे और बल्ले से भी योगदान दिया था।
