IND vs AUS: भारतीय टीम के ऐलान के बाद बोले आकाश चोपड़ा, इस खिलाड़ी के साथ हुई नाइंसाफी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 14, 2023, 06:39 PM IST

आकाश चोपड़ा ने भारतीय टेस्ट टीम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए एक युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं।

मुंबई: बीसीसीआई ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 फरवरी से शुरू होने जा रही चार टेस्ट की सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम में टी20 के नंबर वन बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को जगह दी गई है। रणजी में लगातार धमाल मचा रहे मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान और असम के खिलाफ तिहरा शतक जड़ने वाले पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन को दरकिनार कर दिया गया।

Sarfaraz-khan

सरफराज खान

सरफराज खान के साथ हुई नाइंसाफी

ऐसे में कॉमेन्ट्रेटर आकाश चोपड़ा ने चयन समिति को आड़े हाथ लिया गया है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि सरफराज खान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका दिया जाना चाहिए था। उन्हें सूर्यकुमार यादव पर वरीयता दी जानी चाहिए थी। बीसीसीआई ने शनिवार रात 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया जिसमें सड़क दुर्घटना में घायल हुए ऋषभ पंत की जगह ईशान किशन और केएस भगत को जगह मिली है। वहीं सरफराज खान के प्रदर्शन को नजरअंदाज करते हुए टीम में सूर्यकुमार को जगह दी दे दी गई।

खुद को ठगाहुआ महसूस कर रहे होंगे सरफराज

सरफराज ने पिछले दो रणजी सीजन में मुंबई के लिए धमाकेदार प्रदर्शन किया है। पिछले दो रणजी सीजन में उन्होंने 928 और 982 रन बनाकर अपनी छाप छोड़ी। मौजूदा सीजन में भी वो अबतक 5, 126*, 75, 20, 162, 15* और 28* रन की पारियां खेल चुके हैं। आकाश चोपड़ा ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, सरफराज का नाम टीम में नहीं है। मुझे लगता है कि वो खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे होंगे। उन्हें लग रहा होगा कि इस बार उन्हें मौका मिलेगा। बुमराह का नाम भी टीम में नहीं ये अलग खबर है लेकिन सरफराज खान को मौका नहीं दिए जाना मेरे लिए चिंता की बात है।'

80 के ज्यादा के औसत से बना रहे हैं रन

आकाश ने आगे कहा, 'जब आपने सूर्या का चयन किया है इसका मतलब आपके पास एक जगह थी। मेरी राय में सरफराज को इसलिए मौका मिलना चाहिए क्योंकि उनका प्रथम श्रेणी में औसत 80 से ज्यादा का है। उनके अलावा सर डॉन ब्रैडमैन का औसत ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 80 से ज्यादा का है।' सरफराज ने अबतक खेले 36 प्रथम श्रेणी मैचों में 80.47 के औसत से 3380 रन बनाए हैं।

टीम इंडिया में एंट्री के लिए सबकुछ कर चुके हैं सरफराज

अंत में आकाश चोपड़ा ने कहा, सरफराज भारतीय टीम में आने के लिए सबकुछ कर चुके हैं। मैं थोड़ा निराश हूं कि क्योंकि आपके पास एक ही खिलाड़ी को चुनने का विकल्प था तो मेरी राय में सरफराज सही विकल्प होते। अगर किसी खिलाड़ी का घरेलू क्रिकेट सीजन अच्छा जा रहा है तो उसे पुरस्कृत करना चाहिए।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), आर अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा , मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, सूर्यकुमार यादव।

End of Feed