’’बेटा अगर मौका मिले तो बिंदास खेलना। किसी तरह का दबाव मत लेना।’’ ये एक पिता की उस बेटे को सलाह है जो श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में चुने गए हैं। सारांश जैन को जब पहली बार टीम इंडिया में शामिल होने की खबर बीसीसीआई की ओर से आई तो वो हनुमान मंदिर में थे और फोन नहीं उठा पाए। हालांकि, कुछ देर बाद यह कन्फर्म हो गया कि उनके 12 साल की मेहनत रंग ला चुकी है और जल्द वह अपने पिता का सपना साकार करने वाले हैं। सपना जो कभी पिता ने देखा था, भारतीय टीम की जर्सी पहनने का, लेकिन अब सारांश यह सपना पूरा करेंगे।
सारांश जैन (साभार-AI Image)
घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन का ईनाम
ऑफ ब्रेक गेंदबाज सारांश जैन को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिला है। उन्होंने मध्य प्रदेश की रणजी ट्रॉफी में जीत में बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभाई थी। इतना ही नहीं दलीप ट्रॉफी के दो मैचों में 16 विकेट और ईरानी कप में भी अच्छा प्रदर्शन किया। टीम इंडिया में सेलेक्शन इसी का परिणाम है।
पिता का अधूरा सपना पूरा करेंगे सारांश
सारांश जैन के पिता और मध्यप्रदेश के पूर्व ऑफ-स्पिनर सुबोध जैन ने स्वीकार किया कि उन्हें अपने करियर में आगे नहीं बढ़ पाने का अफसोस है। उन्होंने कहा, ’’जब मैं खेला करता था तब उत्तर प्रदेश के गोपाल शर्मा मध्य क्षेत्र के प्रमुख ऑफ स्पिनर थे। उन्हें प्राथमिकता दी जाती थी और वह भारत के लिए टेस्ट मैच भी खेले।’’ सुबोध ने ऑफ स्पिन कि यह कला अपने बेटे सारांश को सिखाई, जो अब उनके सपने को साकार करेगा। सुबोध के फर्स्ट क्लास करियर की बात करें तो उन्होंने 9 मैच में 80 रन और 23 विकेट चटकाए हैं। लेकिन अब उनका अधूरा सपना सारांश जैन पूरा करने के लिए तैयार हैं।
मैदान में उतरते ही रिकॉर्डबुक में होंगे दर्ज
श्रीलंका दौर पर भारतीय टीम दो टेस्ट मैच की सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में अगर सारांश को डेब्यू करने का मौका मिलता है तो वो मैदान में उतरने के साथ ही इतिहास रच देंगे। सारांश के पास भारत के लिए टेस्ट में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर डेब्यू करने क मौका है। वर्तमान में यह रिकॉर्ड सबा करीम के पास है जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ साल 2000 में 32 साल और 362 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था। सारांश अगर खेलते हैं तो वो 33 साल और 119 दिन की उम्र में भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम-
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।
