क्रिकेट

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने संजू सैमसन ने पत्नी चारुलता के लिए लिखा भावुक पोस्ट

Sanju Samson Post: संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने के एक दिन बाद पत्नी चारुलता के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा था। टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच में प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बनाने के लिए सं

Image

संजू सैमसन (साभार-X)

टीम इंडिया अगर बैक टू बैक टी20 वर्ल्ड कप जीतने में कामयाब हुई तो उसकी एक बड़ी वजह संजू सैमसन रहे। संजू ने केवल 5 पारी में 80 से ज्यादा की इकोनॉमी से 321 रन बनाकर टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। इतना ही नहीं उन्होंने बैक टू बैक 3 अर्धशतकीय पारी उस वक्त खेली जब टीम को सबसे ज्यादा इसकी जरुरत थी। संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में पहले 97 और फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89-89 रन की पारी खेली। नतीजा शुरुआती कुछ मैचों में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने वाले संजू आखिरकार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने में कामयाब रहे। विराट और जसप्रीत बुमराह के बाद वह केवल तीसरे भारतीय हैं जो टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने हैं।

पत्नी चारुलता के लिए किया खास पोस्ट

टी20 वर्ल्ड कप से पहले संजू बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहे थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में फ्लॉप रहने वाले संजू अचानक प्लेइंग इलेवन की पहली पसंद से निकलकर वैकल्पिक विकेटकीपर बन गए, लेकिन अभिषेक के खराब फॉर्म ने उन्हें फिर से खेलने का मौका मिला और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अब जब उनका सपना पूरा हुआ तो उन्होंने उन दिनों को याद करते हुए पत्नी चारुलता को शुक्रिया कहा है। संजू ने इंस्टा पोस्ट के जरिए अपनी फीलिंग बयां की है।

उन्होंने पत्नी के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा 'जिस दिन से मैं तुमसे मिला, तब से लेकर आज तक…!! मेरा साथ देने, मैं जैसा हूं उस रूप में प्यार करने और मेरे प्रति पूरी तरह से सच्चा और ईमानदार रहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

आप बिना बाहरी दुनिया की परवाह किए अच्छे और बुरे दौर में हमेशा मेरे साथ मजबूती से खड़ी रहीं। आपने मेरा अच्छा और बुरा दोनों दौर करीब से देखा।

मेरे जीवन में क्रिकेट का कितना महत्व है, यह समझने और इसे अपने लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण मानने के लिए धन्यवाद। इस खास पल के लिए तुमने भी उतनी ही शिद्दत से दुआ की थी, जितनी मैंने की थी। इसके लिए आपका तहे दिल से धन्यवाद।

अब कब एक्शन में होंगे संजू सैमसन

संजू सैमसन जल्द नई जर्सी के साथ आईपीएल 2026 में नजर आएंगे। इस बार आईपीएल में संजू नई टीम यानी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ नजर आएंगे। उन्हें चेन्नई ने ऑक्शन से पहले रवींद्र जडेजा के बदले ट्रेड किया था। रिपोर्ट की मानें तो संजू इस आईपीएल में विकेटकीपिंग करते नजर आएंगे। टी20 वर्ल्ड कप की फॉर्म को देखते हुए आईपीएल में उनसे ऐसी ही धमाकेदार पारी की उम्मीद होगी।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article