मुंबई: बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज से चोटिल साई सुदर्शन के बाहर होने का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया। उनकी जगह टीम में मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले सरफराज खान को शामिल करने की घोषणा भी कर दी। बीसीसीआई द्वारा जारी प्रेस रिलीज में कहा गया, चयन समिति ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टीम में शामिल किया है। 15 अगस्त, 2026 से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए टीम के गाले जाने से पहले वह कोलंबो में भारतीय टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
साई किशोर और सरफराज खान (फोटो क्रेडिट BCCI)
सीओए में रिहैब से गुजर रहे हैं सुदर्शन
बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब से गुजर रहे हैं। सुदर्शन दाहिने पैर के अंगूठे में स्ट्रेस रिएक्शन से उबरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं। उनकी रिकवरी तेज गति से हो रही है लेकिन मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर बारीकी से नजर रख रही है।
ऐसा रहा है सरफराज खान का टेस्ट में प्रदर्शन
सरफराज खान ने भारत के लिए अबतक खेले 6 टेस्ट मैच की 11 पारी में 37.10 के औसत से 371 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। सरफराज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 150 रन रहा है। ये पारी उन्होंने अक्तूबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरू में खेली थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई में 1 नवंबर 2024 वो आखिरी बार टेस्ट जर्सी पहनकर खेलते नजर आए थे।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के लिए भारत की अपडेटेड टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।
