अहमदाबाद: गुजरात टाइटन्स को भले ही खेलने के पारंपरिक तरीके के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा हो लेकिन टीम के सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने कहा कि बृहस्पतिवार को होने वाले अपने आखिरी आईपीएल लीग मैच में उनका ध्यान नेट रन रेट की चिंता करने के बजाय शीर्ष दो में जगह पक्की करने पर है। टाइटन्स की टीम पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अभी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है लेकिन पहले ही बाहर हो चुके चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जीत से शीर्ष दो में जगह बनाने की उनकी संभावनाएं काफी मजबूत हो जाएंगी जिससे उन्हें फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे।
साई सुदर्शन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
हमारा ध्यान है जीत हासिल करने पर
सुदर्शन ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा,'सबसे पहली और जरूरी बात है कि हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है और कल जीत हासिल करनी है। हम अभी ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि बहुत बड़े अंतर से जीतने या बहुत बड़ी जीत हासिल करने के बारे में सोचें। यहां बात फिर से वही सही काम करने की है जो हम अब तक करते आए हैं और जीत हासिल करने की है। अगर हम उस स्थिति में होते हैं तो हां, अन्य टीम की तरह हम भी चाहेंगे कि इसे जितना हो सके उतनी आसानी से खत्म करें या खुद को शीर्ष दो में जगह बनाने का सबसे अच्छा मौका दें।'
ऐसा है गुजरात का अंक तालिका में हाल
गुजरात टाइटन्स ने अबतक खेले 13 मैच में 8 जीत और 5 हार के साथ अंक तालिका में आरसीबी के बाद दूसरे स्थान पर है। गुजरात के नेट रन रेट 0.400 का है और 16 अंक है। गुरुवार को सीएसके के खिलाफ जीत गुजरात को 18 अंक के साथ टॉप-2 में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेगी। आरसीबी का लीग दौर के बाद पहले पायदान पर रहना तकरीबन पक्का है। ऐसे में दूसरे स्थान के लिए गुजरात और हैदराबाद के बीच भिड़ंत होनी है। ऐसे में नेट रन रेट दोनों टीमों के लिए आखिरी मुकाबले में जीत के बावजूद मायने रखेगा। भले ही सुदर्शन नेट रन रेट में सुधार की बात को नकार रहे हैं लेकिन गुजरात दोहरे लक्ष्य हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
(भाषा)
