IND vs ENG: युवा क्रिकेटर बी. साई सुदर्शन के लिए वाशिंगटन सुंदर का कम समय में अंडर-19 से लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर प्रेरणास्रोत रहा है। अब 20 जून को लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट में सुदर्शन के डेब्यू की संभावना है।वाशिंगटन सुंदर ने 2016 में अंडर-19 विश्व कप में भारत की ओर से विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर खेला था। महज डेढ़ साल बाद, सिर्फ 18 साल की उम्र में ही उन्होंने भारत के लिए अपना पहला वनडे खेला। 2021 में, जब वह 20 साल के थे, तो उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई।
वाशिंगटन सुंदर साईं सुदर्शन (फोटो- X)
सुदर्शन ने ली वाशिंगटन से प्रेरणा
वाशिंगटन से दो साल जूनियर साई सुदर्शन ने बताया कि कैसे उनके इस सीनियर साथी के करियर ने उन्हें भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए प्रेरित किया। इंट्रा-स्क्वाड प्रैक्टिस मैच के दौरान बीसीसीआई टीवी से बात करते हुए सुदर्शन ने कहा कि "मैंने जूनियर स्तर पर उनके साथ कुछ मैच खेले हैं। यह हमेशा विशेष रहा है। हम उनसे काफी प्रेरणा लेते हैं। जिस तरह उन्होंने कम समय में भारत के लिए खेलना शुरू किया, वह बात मेरे दिमाग में बसी हुई थी।"
बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने आगे कहा कि"वाशिंगटन ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और फिर भारत के लिए खेले। चेन्नई का कोई खिलाड़ी भारत की तरफ से खेल रहा है, यह मेरे लिए बड़ी प्रेरणा थी। उन्हें जानने और उनके साथ खेलने से मुझे लगा कि मैं भी वैसा ही करना चाहता हूं। वह मेरे लिए एक प्रेरणा हैं।"
वाशिंगटन ने भी की सुदर्शन की तारीफ
भारत के लिए 9 टेस्ट, 23 वनडे और 54 टी20ई खेल चुके वाशिंगटन ने भी सुदर्शन के उभरते करियर को याद किया। उन्होंने कहा कि "मेरे कई कोच और दोस्त अक्सर सुदर्शन के करियर के बारे में बात करते थे। वह लगातार अपने खेल को बेहतर करता गया और आगे बढ़ता गया। जब भी मैंने उसे टीवी पर देखा, उसके कौशल और कार्यशैली से सीखने को मिला। उसने निश्चित रूप से कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया है।"
(भाषा)
