IND vs SA: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा। कोलकाता टेस्ट जीतकर साउथ अफ्रीकी टीम का हौसला बुलंद है और एकबार फिर टीम इंडिया पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। कोलकाता में टीम इंडिया ने जैसी पिच मांगी थी, उसे वैसी ही मिली, लेकिन दांव उल्टा पड़ गया। साउथ अफ्रीका के स्पिन गेंदबाज साइमन हार्मर और केशव महाराज, भारतीय बल्लेबाजों पर भारी पड़े।अक्टूबर 2024 में टीम इंडिया को पहली बार घर पर क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। अब जब दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल के खेलने पर सस्पेंस है तो टीम इंडिया की मुश्किल बढ़ गई है। ऐसे में अगर उसे क्लीन स्वीप से बचना है तो पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने टीम इंडिया को 3 अहम सलाह दी है।
भारत और साउथ अफ्रीका (साभार-X)
1.पहली सलाह-प्लेइंग काम्बिनेशन में बदलाव
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और मौजूदा कामेंटेटर सबा करीम ने पहली सलाह के तौर पर टीम इंडिया को प्लेइंग इलेवन काम्बिनेशन में बदलाव करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि गुवाहाटी में टीम इंडिया को 6 बल्लेबाज और 5 गेंदबाजों के साथ उतरना चाहिए। 5 गेंदबाजों में उन्होंने 3 स्पिनर और दो पेसर के साथ उतरने की सलाह दी है।
2. दूसरी सलाह-पहली पारी में लें बढ़त
सबा करीम के अनुसार टीम इंडिया को पहली पारी में साउथ अफ्रीका से ज्यादा रन बनाने चाहिए। इसका मतलब है कि भारतीय बल्लेबाजों को पिछले मुकाबले से सबक लेते हुए अच्छी बल्लेबाजी करनी चाहिए।
3. तीसरी सलाह-अच्छी पिच पर हो मैच
सबा करीम ने तीसरी सलाह पिच को लेकर दी है। उन्होंने कहा है कि हम उम्मीद करते हैं कि यह मुकाबला एक अच्छी पिच पर हो। अच्छी पिच से उनका मतलब बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच बराबरी से है। कोलकाता में ऐसा नहीं हुआ था और गेंदबाजों ने 3 दिन के भीतर 38 विकेट चटकाए थे। 38 में से 22 विकेट स्पिन गेंदबाजों के नाम जबकि 16 विकेट पेसर के नाम रहे थे। 4 पारी में केवल एक बल्लेबाज तेंबा बावुमा ही अर्धशतकीय पारी खेल पाए थे।
