IPL 2026 RCB vs SRH, Head to Head: आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में होगी बेंगलुरू और हैदराबाद के बीच भिड़ंत, जानिए आंकड़ों में किसका पलड़ा है भारी

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आरंभ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ंत के साथ होने जा रहा है। आइए जानते हैं दोनों टीमों के बीच अबतक कैसी रही है भिड़ंत और आंकड़ों में किसका पलड़ा है भारी?

SRH vs RCB head to head: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज शनिवार (28 मार्च, 2026) को गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत के साथ होने जा रहा है। सीजन का पहला मैच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। पिछले सील बेंगलुरू की खिताबी जीत के बाद 4 जून, 2026 को स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से बेंगलुरू में कोई भी मैच नहीं खेला गया। ऐसे में एक साल लंबे अंतराल के बाद आरसीबी की टीम मैदान पर अपने खिताब को बचाने के इरादे से उतरेगी। उसका सामना एक बार की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। ऐसे में आइए जानते हैं कि दोनों टीमों के बीच अबतक कैसी रही है आईपीएल इतिहास में भिड़ंत?

royal challengers bengaluru vs sunrisers hyderabad Head to Head

रॉयल चैलेंजर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद हेड टू हेड (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम सनराइजर्स हैदराबाद हेड टू हेड (RCB vs SRH Head To Head)

इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अबतक कुल 26 मैच खेले गए हैं। इन 26 मैचों में से 11 मैच में आरसीबी ने और 13 में सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत दर्ज की है। पिछली बार दोनों टीमों के बीच पिछले सीजन केवल एक मुकाबला खेला गया था जिसमें हैदराबाद ने 42 रन के अंतर से जीत दर्ज की थी। आरसीबी और एसआरएच के बीच पिछले पांच मुकाबलों में आरसीबी ने तीन मैच में और हैदराबाद ने 2 मैच में जीत दर्ज की है। अगर चिन्नास्वामी स्टेडियम की बात करें तो दोनों के बीच इस मैदान पर अबतक कुल 9 मुकाबले हुए हैं जिसमें से 5 में बेंगलुरू और 3 में हैदराबाद की टीम विजयी रही है। जबकि एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला। ऐसे में दोनों टीमों के बीच शनिवार को कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। हैदराबाद की तुलना में आरसीबी की गेंदबाजी ज्यादा मजबूत है। यही इस मुकाबले में हार जीत का अंतर बनेगी।

End of Feed