Rohit Sharma wins heart: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा हमेशा अपने व्यवहार और दरियादिली के लिए जाने जाते हैं। वे टीम के साथ-साथ खिलाड़ियों की मदद करने वाले सपोर्ट स्टाफ की भी फिक्र करते हैं। इसका एक बड़ा उदाहरण हाल ही में सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा सपोर्ट स्टाफ को ज्यादा पैसे दिलाने के लिए बीसीसीआई के जैकपॉट में से अपना पूरा बोनस तक देने को तैयार थे।
रोहित द्रविड़ (फोटो- X)
दरअसल टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द.अफ्रीका को मात दे दी। इसी के साथ उन्होंने 11 साल का आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म कर दिया। इस जीत से गदगद बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए 125 करोड़ के बंपर प्राइज मनी का ऐलान किया। इसमें किसे कितना मिला इसका तो ऐलान नहीं हुआ लेकिन इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सभी खिलाड़ियों को 5-5 करोड़, हेड कोच द्रविड़ और कोचिंग स्टाफ को 2.5 करोड़ और सपोर्ट स्टाफ को 2 करोड़ रुपए मिले हैं।
रोहित ने जीता दिल
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक जब 125 करोड़ रुपए के बंटवारे की बातचीत चल रही थी तो सपोर्ट स्टाफ को कम पैसे दिए जा रहे थे ऐसे में रोहित शर्मा ने आवाज उठाई थी और एक तो सपोर्ट स्टाफ के लिए अपनी पूरी बोनस राशि देने को तैयार हो गए थे। बाद में सपोर्ट स्टाफ को भी 2-2 करोड़ रुपए दिए गए।
