Rohit Sharma T20 World Cup Final: रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने बीते 29 जून को साउथ अफ्रीका को हराकर 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई। आखिरी ओवर तक चले इस मैच में 15 ओवर तक साउथ अफ्रीकी टीम हावी थी और ऐसा लग रहा था कि एक बार फिर टीम इंडिया आईसीसी ट्रॉफी जीतने से चूक जाएगी, लेकिन आखिरी 5 ओवर में भारतीय गेंदबाजों ने साउथ अफ्रीका को जीत से दूर कर दिया।
रोहित शर्मा (साभार-X)
इस मुकाबले के दौरान कई ऐसे मौके आए जब देखने वालों की सांसे मानो थम सी गई, लेकिन आखिरकार बाजी टीम इंडिया के हाथ लगी। रोहित शर्मा ने डलास में एक कार्यक्रम के दौरान खुद बताया कि वह कौन सा पल था जब वब सबसे ज्यादा नर्वस थे।
रोहित ने कहा '"हाँ, मैं पूरी तरह से ब्लैंक था। मैं ज्यादा दूर की नहीं सोचता। मेरे लिए यह बेहद जरूरी है कि मैं वर्तमान में रहूं और अपने काम पर फोकस करूं। ऐसी स्थिति में हम सभी के लिए शांत रहना और अपनी योजनाओं को सही से लागू करने का प्रयास करना बहुत महत्वपूर्ण था।
कब थे सबसे ज्यादा नर्वस?
रोहित ने बताया कि वह किस समय सबसे ज्यादा नर्वस फील कर रहे थे। उन्होंने कहा 'जब दक्षिण अफ्रीका को 30 गेंदों पर 30 रन चाहिए थे, तब हम बहुत दबाव में थे। हमने आखिर में जो पांच ओवर फेंके, उससे पता चलता है कि हम कितने शांत थे। हमने सिर्फ अपने काम पर ध्यान दिया, किसी और चीज़ के बारे में ज़्यादा नहीं सोचा। हम घबराए नहीं; यह हमारी तरफ़ से बहुत अच्छा रहा।
आपको बता दें कि आखिरी 5 ओवर में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने केवल 22 रन दिए और 7 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इन 5 ओवर में 2 ओवर जसप्रीत बुमराह ने, एक ओवर अर्शदीप सिंह ने और 2 ओवर हार्दिक पांड्या ने डाला था।
