224 दिन का लंबा इंतजार और आखिरकार फैंस को रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी वापसी नीली जर्सी में दिख ही गई। ऑस्ट्रेलिया का ऑप्टस क्रिकेट स्टेडियम मानों अपनी टीम के सपोर्ट से ज्यादा विराट-रोहित को दोबारा साथ देखने आए थे। चैंपियन खिलाड़ी मैदान पर हो तो कुछ न कुछ रिकॉर्ड बन ही जाते हैं। 3 मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला भी रोहित के लिए टॉस के साथ ही खास बन गया। यह हिटमैन का 500वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला है। इस मुकाबले में भारतीय कप्तान गिल एक बार फिर टॉस हार गए। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ंमिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
रोहित शर्मा (साभार-BCCI X)
500 क्लब में शामिल हुए रोहित
एक साल के भीतर भारत को दो आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले कप्तान रोहित शर्मा अब 500 क्लब में शामिल हो गए हैं। वह ऐसा करने वाले भारत के 5वें जबकि दुनिया के 11वें खिलाड़ी बने हैं। भारत के लिए रोहित से पहले यह कारनामा सचिन तेंदुलकर (664), विराट कोहली (550), एमएस धोनी (535) और राहुल द्रविड़ (504)कर चुके हैं।
रोहित शर्मा का अंतरराष्ट्रीय करियर
रोहित के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो 499 मैच में 42.18 की औसत से उन्होंने 19,700 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 264 रन है जो वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी भी है। इसके अलावा उनके नाम 49 शतक और 108 अर्धशतक लगाए हैं। वह वनडे क्रिकेट में तीन दोहरा शतक लगाने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं।
