कोलंबो: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2023 के सुपर फोर मुकाबले में धमाकेदार शुरुआत की। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के लिए पारी का आगाज करने रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी उतरी। वहीं पाकिस्तान के लिए एक गेंदबाजी का आगाज करने शाहीन शाह अफरीदी आए।
रोहित शर्मा
पहले ओवर की आखिरी गेंद पर जड़ा छक्का
पिछले मैच में रोहित शर्मा शाहीन की गेंद पर बोल्ड हो गए थे। ऐसे में उन्होंने सुपर फोर मुकाबले में आक्रामक अंदाज में अपना खाता शाहीन के ओवर की आखिरी गेंद पर शानदार छक्का जड़कर खोला। शाहीन की लेग स्टंप की लाइन पर फेंकी तेज रफ्तार गेंद को फ्लिक करके मिड विकेट की दिशा में छक्के के लिए भेज दिया।
शाहीन के पहले ओवर में छक्का जड़ने वाले पहले बल्लेबाज
इसके साथ ही रोहित वनडे क्रिकेट में शाहीन अफरीदी के पहले ओवर में छक्का जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। शाहीन ने वनडे क्रिकेट करियर में पहले ओवर में 156 गेंद फेंकी हैं जिसमें पहली बार किसी बल्लेबाज ने छक्का जड़ा है। शाहीन को पारी के शुरुआती ओवरों में विकेट लेने में महारथ हासिल है ऐसे में कोई भी बल्लेबाज उनके खिलाफ पहले ओवर में तो कम से कम छक्का जड़ने का जोखिम नहीं उठाता है। ऐसे में ये स्पेशल कारनामा हिटमैन रोहित शर्मा ने कर दिखाया है।
