IPL 2025 Big Updates: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले मेगा ऑक्शन का आयोजन किया जाने वाला है। इस निलामी के चलते टीमों में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पिछले कुछ ऑक्शन में ये देखा गया है कि बड़े खिलाड़ी रिटेन किए जाते आए हैं लेकिन रिपोर्ट्स के मानें तो 2025 के लिए ऐसा नहीं होता नजर आ रहा है। कई बड़े खिलाड़ी अपनी फ्रेंचाइज का साथ छोड़ सकते हैं। इसमें ऋषभ पंत, रोहित शर्मा और केएल राहुल जैसे बड़े नाम शामिल है।
आईपीएल 2025 अपडेट्स (फोटो- IPL/BCCI/X)
दैनिक जागरण की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ रोहित शर्मा ही नहीं बल्कि रोहित के बेहद करीबी सूर्यकुमार यादव भी मुंबई इंडियंस छोड़ सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि KKR अगले साल होने वाली मेगा नीलामी में खिलाड़ियों को खरीद सकता है। रिपोर्ट में आगे खुलासा किया गया है कि दिल्ली कैपिटल्स (DC) ऋषभ पंत से बहुत खुश नहीं है, साथ ही कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स नीलामी में पंत को खरीद सकती है। रिपोर्ट में CSK के एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि अगर एमएस धोनी IPL 2025 नहीं खेलते हैं, तो फ्रेंचाइजी मेगा नीलामी में भारत के शीर्ष विकेटकीपर को खरीद सकती है।
केएल राहुल की हो सकती है आरसीबी में एंट्री
रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि एलएसजी के कप्तान केएल राहुल भी फ्रैंचाइज़ी से बहुत खुश नहीं हैं। राहुल और एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका के बीच आईपीएल 2024 के एक मैच के दौरान तीखी नोकझोंक हुई थी। खबर है कि राहुल भी फ्रैंचाइज़ी छोड़ सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) केएल राहुल को टीम की कमान सौंप सकता है। फाफ डु प्लेसिस ने पिछले तीन सीजन में टीम की अगुआई की है, हालांकि, टीम ट्रॉफी के सूखे को खत्म करने में विफल रही। यह RCB में बड़े बदलाव की ओर भी एक बड़ा संकेत है, जहां टीम भारतीय खिलाड़ियों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकती है।
