Rishabh Pant airlifted to Mumbai: टीम इंडिया के धुरंधर युवा क्रिकेटर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को देहरादून से मुंबई एयरलिफ्ट कराया गया है। अब उनका उपचार मुंबई में होगा। मुंबई में उनकी घुटने और टखने की चोट का व्यापक उपचार होगा। गौरतलब है कि ऋषभ पंत एक भयानक कार दुर्घटना में बाल-बाल बचे थे जब वह दिल्ली से अपने गृहनगर रुड़की जा रहे थे लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर नियंत्रण खो बैठे और उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। पंत के माथे पर चोट के निशान थे, पीठ में गंभीर चोट के साथ-साथ उनके घुटने और टखने में चोट लगी।
ऋषभ पंत (AP File)
बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘ऋषभ को उनकी लिगामेंट चोटों के उपचार के लिए मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा और वहीं आगे के उपचार पर फैसला होगा। उनके बीसीसीआई से सूचीबद्ध प्रसिद्ध खेल ऑर्थोपेडिक डॉ दिनशॉ परदीवाला की देखरेख में रहने की उम्मीद है। अगर सर्जरी की सलाह दी जाती है तो फैसला किया जाएगा कि यह ब्रिटेन में होगी या अमेरिका में।’’
#BREAKINGCricketer #RishabhPant to be airlifted to Mumbai from Dehradun for better treatment.@karishmasingh22 s… t.co/o0j6U7Jit7
— ANI (@ANI) Jan 4, 2023
पंत की अधिकांश चोटें हल्की थी लेकिन टखने और घुटने की चोट चिंताजनक है जिसके लिए मैक्स, देहरादून में इलाज चल रहा है। हालांकि बीसीसीआई से एक केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर होने के कारण उनकी चोट का इलाज बोर्ड का विशेषाधिकार है। उनके घायल घुटने और टखने का एमआरआई नहीं किया जा सका क्योंकि काफी सूजन थी।
हालांकि यह समझा जाता है कि केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर के लिए किसी भी खेल संबंधी चोट का उपचार बीसीसीआई के तय डॉक्टरों द्वारा किया जाएगा और डॉ नितिन पटेल के नेतृत्व में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में खेल और चिकित्सा विज्ञान टीम की देखरेख में रिहैबिलिटेशन होगा।
