RCB vs RR Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: आईपीएल के सीजन 2025 में आज का जोरदार मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और राजस्थान रॉयल्स (Royal Challengers Bengaluru vs Rajasthan Royals) के बीच होने जा रहा है। इन दोनों टीमों के बीच ये मैच आरसीबी के अपने शहर बेंगलुरू (Bengaluru) में खेला जाएगा। सीजन में अब तक खेले मुकाबलों में इन दोनों टीमों के आंकड़े देखें तो बेंगलुरू ने अब तक खेले 8 मैचों में 5 में जीत दर्ज की है और 3 मैच हारे हैं। जबकि राजस्थान रॉयल्स की स्थिति अच्छी नहीं है क्योंकि उन्होंने अब तक अपने आठ मुकाबलों में दो मैच में जीते हैं और 6 मैच गंवाए हैं। बेंगलुरू की टीम ने इससे पहले जयपुर के मैदान पर राजस्थान को शिकस्त दी थी और आज राजस्थान रॉयल्स बेंगलुरू को उसके घर में हराकर हिसाब चुकता करने का प्रयास करेगी। आज होने वाला बेंगलुरू-राजस्थान मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और टॉस 7:00 बजे होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की अगुवाई उनके नए कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) कर रहे हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की अगुवाई संजू सैमसन (Sanju Samson) करेंगे अगर वो फिट रहे, वर्ना उनकी जगह रियान पराग टीम की कमान संभाल सकते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच की पिच रिपोर्ट
आज इंडियन प्रीमियर लीग में दो रॉयल्स टीम का मैच है। एक तरफ है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू तो दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स। आइए देख लेते हैं कि इन दोनों टीमों की ताजा अंक तालिका (IPL 2025 Points Table) में स्थिति कैसी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 10 अंक हैं और वे चौथे स्थान पर मौजूद हैं। पिछली रात मुंबई इंडियंस ने हैदराबाद को शिकस्त देकर लंबी छलांग लगाई है जिस वजह से बेंगलुरू एक स्थान नीचे खिसक गई है। वो आज जीत दर्ज करके वापस तीसरे स्थान पर कब्जा जमाने का प्रयास करेंगे। बेंगलुरू का नेट रन रेट 0.472 है। उधर दूसरी तरफ, राजस्थान रॉयल्स की स्थिति अंक तालिका में काफी बुरी है। वे अपनी दो जीत से सिर्फ 4 अंक बटोर पाए हैं जिस वजह से अंक तालिका में आठवें नंबर पर हैं। उनका नेट रन रेट भी काफी खराब है, राजस्थान का नेट रन रेट इस समय -0.633 है। उन्होंने अपने पिछले चार मैच लगातार गंवाए हैं और अब वो किसी तरह जीत की पटरी पर लौटना चाहेंगे। वहीं आरसीबी ने अपना पिछला मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ जीता है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम राजस्थान रॉयल्स आज के मैच की पिच रिपोर्ट (RCB vs RR Pitch Report)
आईपीएल में आज राजस्थान और मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच होने वाला मुकाबला बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (M Chinnaswamy Stadium) पर खेला जाना है। वैसे तो इस मैदान पर बल्लेबाज ही दम दिखाते आए हैं लेकिन मौजूदा सीजन में यहां की पिच कुछ अलग ही रंग-रूप में दिख रही है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। पिछले मैच में जब आरसीबी और पंजाब किंग्स की यहां टक्कर हुई थी तब तो पिच ने इतिहास के सारे आंकड़ों को ढेर कर दिया। बारिश से प्रभावित वो मैच 14-14 ओवर का हो गया था। उस मैच में बेंगलुरू की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और वे 14 ओवर में सिर्फ 95 रन ही बना सके जिस दौरान उन्होंने 9 विकेट भी गंवा दिए। इसके बाद जवाब देने उतरी पंजाब किंग्स की टीम भी 12.1 ओवर में जाकर जीत हासिल कर पाई, हालांकि उन्होंने सिर्फ 5 विकेट गंवाए। कुल मिलाकर गेंदबाज पूरी तरह हावी नजर आए जो कि इस पिच का रवैया नहीं रहा है। इससे पहले हुए शुरुआत दो मैचों में भी मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को हार ही मिली थी। पहले मैच में बेंगलुरू ने 169 रन बनाए और गुजरात ने 17.5 ओवर में आसानी से आठ विकेट से जीत दर्ज कर ली। जबकि, दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू एक बार फिर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी और 163 रन बनाए। इसके बाद 164 रनों के टारगेट को हासिल करने उतरी दिल्ली की टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर ली और बेंगलुरू को अपने घर में फिर हार मिली। अब तक यहां खेले गए तीनों मैचों में बेंगलुरू को हार का सामना करना पड़ा है और आज राजस्थान के खिलाफ वे स्थानीय फैंस को जीत की थोड़ी खुशी देना चाहेंगे। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक आईपीएल इतिहास में 98 गेम्स हो चुके हैं जिसमें 41 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली है जबकि 53 मैचों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। यहां टॉस जीतने वाली टीम को 53 मैचों में और टॉस हारने वाली टीम को 41 मुकाबलों में जीत मिली है।
बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पिछले 5 आईपीएल मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 IPL Matches Scorecards And Results At Bengaluru)
| तारीख | दोनों टीमें | मुकाबले का स्कोरकार्ड | मैच का नतीजा |
| 12 मई 2024 | बेंगलुरू-दिल्ली | RCB- 187/9, DC- 140 ऑलआउट | RCB 47 रन से जीता |
| 18 मई 2024 | बेंगलुरू-चेन्नई | RCB- 218/5, CSK- 191/7 | RCB 27 रन से जीता |
| 2 अप्रैल 2025 | गुजरात-बेंगलुरू | RCB- 169/8, GT- 170/2 (17.5 ओवर) | GT 8 विकेट से जीता |
| 10 अप्रैल 2025 | दिल्ली-बेंगलुरू | RCB- 163/7, DC- 169/4 (17.5 ओवर) | DC 6 विकेट से जीता |
| 18 अप्रैल 2025 | पंजाब-बेंगलुरू | RCB- 95/9 (14 ओवर), PBKS- 98/5 (12.1 ओवर) | PBKS 5 विकेट से जीता |
आज बेंगलुरू और राजस्थान के बीच मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें (Players To Watch Out For In RCB vs RR IPL 2025 Match Today)
आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और मेहमान राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मुकाबले में कई बेहतरीन क्रिकेटरों की टक्कर देखने को मिलेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए विराट कोहली (Virat Kohli), फिल सॉल्ट (Phil Salt), जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood), कप्तान पाटीदार, भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar), पिछले दो मैचों में चमक रहे देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal), टिम डेविड (Tim David) और स्पिनर सुयश शर्मा (Suyash Sharma) पर नजरें रहेंगी। जबकि, राजस्थान रॉयल्स की तरफ से इस मैच में जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer), संजू सैमसन (Sanju Samson), यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal), नीतीश राणा (Nitish Rana), ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel), वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga), वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) और संदीप शर्मा (Sandeep Sharma) से फैंस को उम्मीदें रहने वाली हैं।
बेंगलुरू और राजस्थान की आईपीएल 2025 में टीमें (Bengaluru And Rajasthan IPL 2025 Full Squads)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की आईपीएल टीम: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, यश दयाल, जोश हेजलवुड, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, रसिख सलाम, सुयश शर्मा, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, मोहित राठी, कृणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, स्वस्तिक चिकारा और लुंगी एनगिडी और अभिनंदन सिंह।
राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल 2025 टीमः संजू सैमसन, रियान पराग, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, शिम्रोन हेटमायर, संदीप शर्मा, जोफ्रा आर्चर, वानिन्दु हसरंगा, महेश थीक्षाना, आकाश मधवाल, शुभम दुबे, युद्धवीर चरक, फजल फारूकी, वैभव सूर्यवंशी, अशोक शर्मा, कुमार कार्तिकेय सिंह, नितीश राणा, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका और कुणाल राठौड़।
बेंगलुरू में आज के मौसम की स्थिति (Bengaluru Weather Forecast Today)
आज आरसीबी और राजस्थान के बीच होने वाला आईपीएल मैच बेंगलुरू में होने जा रहा है। पिछले मैच में बेंगलुरू में बारिश ने खलल डाला था और मैच 14-14 ओवर का ही हो सका था। आज के मौसम की बात करें तो थोड़े बादल दिन भर छाए रहेंगे लेकिन फिलहाल बारिश का कोई अनुमान नहीं है। उमस शाम को बढ़ सकती है। दिन में कुछ हिस्सों में धूप तेज रहेगी। आज बेंगलुरू का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है। ऐसे मौसम में प्रशंसकों को इस बार पूरा मैच मिलने की उम्मीद है।
