Player Of The Match Arshdeep Singh: भारत-न्यूजीलैंड पांचवें वनडे मैच में ’प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे अर्शदीप सिंह ने कहा कि कम स्कोर का बचाव करते हुए भी गेंदबाजी इकाई ने अपनी रणनीति पर कायम रहते हुए अनुशासन बनाए रखा। उन्होंने कहा, "हम लगातार वापसी करते रहे और अपनी गेंदबाजी के निर्धारित क्षेत्रों में अनुशासन बनाए रखा। जब हमें नतीजे नहीं मिल रहे थे और विकेट भी नहीं मिल रहे थे, तब भी हमने अपनी रणनीति नहीं छोड़ी। हम उसी तरह गेंदबाजी करते रहे और आखिरकार हमें उसका नतीजा मिला। हमने जीत हासिल की।"
प्लेयर ऑफ द मैच अर्शदीप सिंह ने अपने बयान में किया समरीन और सिराज का जिक्र (Instagram/AP)
पंजाब किंग्स से मुंबई इंडियंस में ’ट्रेड’ किए गए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप की हाल में सगाई हुई है। उन्होंने मैदान के बाहर मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, "मुझे एक बहुत अच्छी जीवनसाथी (समरीन कौर) मिली है। वह मेरा काफी समर्थन करती हैं और मुझे सही मानसिकता में रहने में हमेशा मदद करती हैं। इसलिए इसका काफी श्रेय उन्हें भी जाता है।"
उन्होंने कहा, "मैं मैदान पर कैसा प्रदर्शन करता हूं, यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि मैं मैदान के बाहर किस तरह काम कर रहा हूं। यह मेरे लिए काफी रोमांचक अनुभव रहा है और मैं इसका पूरा आनंद ले रहा हूं।"
मुझे बल्लेबाजी करने में आनंद आता है
अर्शदीप ने निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए भी उपयोगी योगदान दिया है। हालांकि, उन्होंने उन अटकलों को खारिज किया कि वह बल्लेबाजी से डरते हैं। तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्हें बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "मुझे अपनी बल्लेबाजी पसंद है। भले ही मैं 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करूं, मुझे इसका आनंद आता है। मैं हमेशा अपने लिए जगह बनाने और बड़े शॉट खेलने की कोशिश करता हूं। हालांकि, मेरी टीम के कुछ लोग कहते हैं कि मैं गेंद से डरता हूं। लेकिन मैं ऐसा नहीं करता। मैं जगह बनाकर शॉट खेलने की कोशिश करता हूं।"
पिच पर सिराज और अर्शदीप की बातचीत
अर्शदीप ने बताया कि सिराज ने उन्हें अंतिम ओवरों में रन जोड़ने के महत्व की याद दिलाई थी। उन्होंने कहा, "आज सिराज ने मुझसे कहा कि आखिरी ओवरों में बनाए गए ये रन काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे। हमने सुनिश्चित किया कि टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचे। हमारे दिमाग में यह बात थी कि हमने एक छोटा लक्ष्य हासिल कर लिया है और अब गेंदबाजों के पास बचाव करने के लिए कुछ रन हैं।"
