Most Expensive IPL player: आईपीएल इतिहास में कई खिलाड़ी ऐसे हुए हैं जिन्होंने खिलाड़ियों की नीलामी में तमाम रिकॉर्ड ध्वस्त किए हैं। लेकिन आज आईपीएल 2024 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने पैट कमिंस (Pat Cummins) को सबसे बड़ी रकम में खरीदकर उनको अब तक का सबसे महंगा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बना दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पैट कमिंस को 20 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा है। पैट कमिंस का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था, उनकी बोली जब शुरू हुई तो शुरुआत में हैदराबाद को टक्कर देने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर मैदान में था। इसके बाद ये लड़ाई और भी दिलचस्प तब हो गई जब मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स भी इस रेस में शामिल हो गए।
आखिरकार तमाम बोलियों के बाद ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप 2023 का खिताब दिलाने वाले कप्तान पैट कमिंस को हैदराबाद ने 20.50 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक राशि में खरीद लिया। पैट कमिंस ने इसी के साथ इंग्लैंड के सैम करन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनको पिछले साल 18 करोड़ 50 लाख में खरीदा गया था और वो सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। हालांकि कुछ ही देर बाद कमिंस के देश के ही गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने कमिंस को पीछे छोड़ दिया और वो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। उन्हें कोलकाता ने 24 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा।
