IND vs PAK Playing XI: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला रविवार को यानी 23 फरवरी को खेला जाएगा जब भारत और पाकिस्तान की टीम भिड़ेगी। कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 रन की शर्मनाक हार झेलने के बाद पाकिस्तान के लिए यह मैच एकदम अहम हो गया है और उस पर टूर्नामेंट से बाहर होने की तलवार लटक रही है।
भारत-पाकिस्तान प्लेइंग इलेवन चैंपियंस ट्रॉफी (साभार-X)
भारत के खिलाफ दुबई में होने वाले इस मुकाबले में मोहम्मद रिजवान की अगुवाई वाली टीम के लिए जीतना जरूरी है क्योंकि अगर वे मेन इन ब्लू से हार जाते हैं तो वे सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के बाद से पाकिस्तान को एक और झटका फखर जमां के तौर पर लगा जो चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं।
अब भारत के खिलाफ मैच से पहले मेन इन ग्रीन अपनी अंतिम एकादश में बड़े बदलाव करने पर मजबूर हो गई है। फखर की जगह टीम में इमाम उल हक को शामिल कर लिया गया। इसके अलावा रिपोर्ट के हवाले से खबर आ रही है कि उस्मान खान को भी डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो बाबर के साथ उस्मान ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं।
इसके अलावा सऊद शकील को भी बाहर बैठना पड़ सकता है। सऊद शकील ने त्रिकोणीय सीरीज में अपनी वनडे वापसी के बाद से सिर्फ 15, 8 और 6 रन बनाए हैं। इतना ही नहीं वनडे में उनका औसत केवल 24.21 का है जो किसी भी लिहाज से सही नहीं कहा जा सकता है। भारत के खिलाफ मैच में उन्हें कामरान गुलाम रिप्लेस कर सकते हैं।
गेंदबाजी की बात करें तो हारिस रऊफ न्यूजीलैंड के खिलाफ बेअसर रहे थे। इस मुकाबले में उन्होंने 83 रन लुटाए थे। भारत की मजबूत बल्लेबाजी के सामने शायद ही पाकिस्तान उन्हें खिलाने का चांस ले। ऐसे में उनकी जगह मोहम्मद हसनैन या फहीम अशरफ को मौका मिल सकता है।
