PAK vs NZ 3rd ODI: कराची में मेजबान पाकिस्तान और मेहमान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तानी ओपनर फखर जमान ने शानदार शतक जड़ दिया। मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पाकिस्तान ने अपने पहले दो विकेट 21 रन के अंदर गंवा दिए थे लेकिन फखर जमान ने एक छोर पर टिके रहते हुए अपने करियर का आठवां वनडे शतक पूरा किया।
फखर जमान का शानदार शतक (Pakistan Cricket)
पाकिस्तानी टीम को दो शुरुआती झटके लगने के बाद फखर जमान ने मोहम्मद रिजवान के साथ तीसरे विकेट के लिए 154 रनों की शानदार साझेदारी को अंजाम दिया। फखर जमान ने 65 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद भी वो शानदार बल्लेबाजी करते रहे और 120 गेंदों में अपने वनडे करियर का आठवां शतक जड़ दिया।
फखर जमान ने 122 गेंदों में रन आउट होने से पहले 101 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। जबकि रिजवान ने 77 रन और आघा सलमान ने45 रनों की पारियां खेली जिसके दम पर पाकिस्तानी टीम ने 9 विकेट पर 280 रनों का स्कोर खड़ा करने में सफलता हासिल की।
पाक ओपनर फखर जमान ने इससे पहले अपना आखिरी वनडे शतक 16 अगस्त 2022 को रॉटरडैम में नीदरलैंड्स की टीम के खिलाफ बनाया था जब उनके बल्ले से 109 रनों की पारी निकली थी।
