Devon Conway, Pakistan vs New Zealand 2nd ODI: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची में खेले जा रहे वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने धमाल मचाया है। टेस्ट क्रिकेट में अपना हुनर बार-बार दिखा चुके कॉनवे ने इस बार वनडे क्रिकेट में हल्ला बोला है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में अपने करियर का दूसरा शतक जड़ा।
डेवोन कॉनवे का दूसरा वनडे शतक (ICC-File)
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने अपना पहला विकेट पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर फिन एलेन (1) के रूप में गंवा दिया था। नसीम शाह ने पाकिस्तान को पहला झटका दिया था। लेकिन उसके बाद कॉनवे ने कप्तान केन विलियमसन के साथ मोर्चा संभाला और स्थिति को पूरी तरह पलट दिया।
कॉनवे का शानदार शतक, विलियमसन के साथ रिकॉर्ड साझेदारी
कॉनवे ने 57 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर देखते-देखते 89 गेंदों में धुआंधार बल्लेबाजी के साथ अपना शतक पूरा कर लिया। कॉनवे 30वें ओवर में नसीम शाह की गेंद पर बोल्ड हुए लेकिन उससे पहले उन्होंने 92 गेंदों में 101 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके साथ ही उन्होंने केन विलियमसन (85) के साथ दूसरे विकेट के लिए 181 रनों की साझेदारी भी की जिसके दम पर मध्यक्रम के फेल होने के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम 261 रन के स्कोर तक पहुंच सकी।
घर के बाहर पहला वनडे शतक
डेवोन कॉनवे ने अपना पहला वनडे शतक 26 मार्च 2021 को बांग्लादेश के खिलाफ वेलिंगटन में जड़ा था। उसके बाद से लगातार वो इस प्रारूप में शतक के लिए संघर्ष कर रहे थे। आखिरकार वो शतक आया, और वो भी घर से बाहर। ये न्यूजीलैंड से बाहर उनका पहला वनडे शतक साबित हुआ। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी नए साल की शुरुआत उन्होंने शानदार शतकीय पारी (122) के साथ की थी।
