मीरपुर: भारत के खिलाफ बांग्लादेश की टीम मीरपुर में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट में जीत हासिल करते करते रह गई। मैच की चौथी पारी में 145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 7 विकेट महज 74 रन पर गंवा दिए थे। ऐसे में श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 71* रन की साझेदारी करके टीम इंडिया को यादगार जीत दिला दी। इसके साथ ही बांग्लादेश के हाथों से भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पहली जीत हासिल करने का मौका खिसक गया।
शुभमन गिल, शाकिब अल हसन और केएल राहुल(AP)
एक विकेट और लेते तो...
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन का मानना है कि अगर उनकी टीम एक विकेट और हासिल कर लेती तो परिणाम कुछ और होता। उन्होंने हालांकि अश्विन को पूरा श्रेय दिया जिन्होंने शानदार पारी खेली। उन्होंने कहा,'हमारी टीम के हर सदस्य ने योगदान दिया। हमने इस मैदान पर अच्छा प्रदर्शन किया है। श्रेयस और अश्विन ने दबाव में अच्छी बल्लेबाजी की। हमें एक और विकेट की दरकार थी। हम कई तरह के अगर मगर पर विचार कर सकते हैं लेकिन मुझे खुशी है कि हमने उन्हें कड़ी चुनौती दी।'अश्विन को मिला था जीवनदानरविचंद्रन अश्विन को शॉर्ट पिच पर खड़े मोमिनुल हक ने मेहदी हसन की गेंद पर जीवनदान दिया था। जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और नाबाद 42 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। अश्विन दूसरी पारी में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।
शाकिब ने अपने गेंदबाजी प्रदर्शन के बारे में कहा, 'दुर्भाग्य से मैं पहले टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया लेकिन यहां मैंने अच्छी गेंदबाजी की। टीम जिस मानसिकता से खेली उससे मैं खुश हूं। उम्मीद है कि अगले साल हमें बेहतर परिणाम मिलेंगे।'
