Daryl Mitchell Injury: न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर डैरिल मिशेल वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही मौजूदा वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। पहले वनडे मैच में शतकीय पारी के दौरान उन्हें जांघ में तकलीफ महसूस हुई थी। उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज हेनरी निकोल्स को सीरीज के शेष दो मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया है।
चोट मामूली, टेस्ट सीरीज के लिए फिट होने की उम्मीद
डैरिल मिशेल को हेगले ओवल में खेले गए पहले वनडे के दौरान चोट लगी थी। ग्रोइन स्कैन में उनकी कमर में मामूली इंजरी का पता चला है, जिसके लिए उन्हें अब दो हफ्तों तक रिहैबिलिटेशन करना होगा।हेड कोच रॉब वाल्टर ने मिशेल की चोट पर निराशा व्यक्त की, लेकिन उम्मीद जताई कि वह जल्द वापसी करेंगे। उन्होंने कहा, "इंजरी के कारण सीरीज की शुरुआत में ही बाहर होना हमेशा मुश्किल होता है, खासकर जब आप डैरिल की तरह शानदार फॉर्म में हों। इस गर्मी में अब तक वनडे फॉर्मेट में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है, इसलिए सीरीज के दो अहम मुकाबलों में उनकी कमी खलेगी। अच्छी बात यह है कि उनकी चोट मामूली है। हमें उम्मीद है कि डैरिल टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह से फिट हो जाएंगे।"
निकोल्स को मिला इनाम
मिशेल के स्थान पर चुने गए हेनरी निकोल्स को लेकर कोच वाल्टर ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, "हेनरी एक अनुभवी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। वह फोर्ड ट्रॉफी में बेहतरीन फॉर्म में रहे हैं। अच्छी फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों को पुरस्कृत करना अच्छा लगता है। हम जानते हैं कि हेनरी मौका मिलने पर खेलने के लिए तैयार होंगे।"मिशेल ने अब तक न्यूजीलैंड की ओर से 56 वनडे मुकाबलों में 53.13 की औसत के साथ 2,338 रन बनाए हैं।
पहला वनडे और सीरीज का हाल
पहले वनडे मैच में ही मिशेल ने 118 गेंदों पर 2 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 119 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी, जिसके बाद उन्हें जांघ में तकलीफ महसूस हुई और वह दूसरी पारी में फील्डिंग के लिए नहीं उतरे। न्यूजीलैंड ने यह मैच 7 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज के शेष मुकाबले 19 और 22 नवंबर को खेले जाने हैं।दोनों देशों के बीच 2 दिसंबर से तीन टेस्ट मुकाबलों की सीरीज शुरू होगी, जिसके लिए मिशेल के फिट होने की पूरी उम्मीद है।
