चोट के कारण चौथे टेस्ट से बाहर हो चुके टीम इंडिया के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को छोड़ने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस तरह की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। इससे पहले कुछ रिपोर्टों में यह दावा किया जा रहा था कि वह SRH से नाखुश हैं। नीतीश कुमार रेड्डी ने इस पूरे मसने पर सोशल प्लेफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "मैं शोरगुल से दूर रहना पसंद करता हूं, लेकिन कुछ बातें स्पष्ट होनी चाहिए। SRH के साथ मेरा रिश्ता विश्वास, सम्मान और पैशन से जुड़ा है। मैं हमेशा इस टीम के साथ खड़ा रहूंगा।"
नीतीश कुमार रेड्डी (साभार- X Nitish Kumar Reddy)
2025 के मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 6 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। 2024 सीजन के फाइनल में पहुंचने के बाद, वह उन पाँच खिलाड़ियों में से एक थे जिन्हें SRH ने रिटेन किया था। 2025 के IPL सीज़न में नीतीश की बल्लेबाजी उतनी अच्छी नहीं रही थी। उन्होंने 13 मैचों में 182 रन बनाए थे।
हालांकि, साल 2024 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जहां उन्होंने 142.92 के स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए और 3 विकेट चटकाए थे। उन्होंने पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में अर्धशतकीय पारी खेली थी। 2024 में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिला।
हाल ही में, रेड्डी बाएं घुटने की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ चल रही एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के बाकी बचे दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए थे। नीतीश लीड्स में सीरीज के पहले मैच में बाहर बैठे थे, लेकिन दूसरे और तीसरे टेस्ट में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। दूसरे टेस्ट में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, उन्होंने सिर्फ दो रन बनाए और छह ओवर में कोई विकेट नहीं लिया, जबकि भारत ने आसानी से 336 रनों से जीत हासिल कर ली।
हालांकि, उन्होंने तीसरे टेस्ट में टॉप ऑर्डर को परेशान किया था। उन्होंने पहली पारी में एक ही ओवर में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ बेन डकेट और ज़ैक क्रॉली को आउट किया, और दूसरी पारी में भी क्रॉली को आउट किया था। बल्ले से उन्होंने 30 और 13 रन बनाए। इसके बावजूद टीम इंडिया को 22 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
