न्यूजीलैंड ने अभी तक अपने स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन (Kane Williamson) के भारत में होने वाले वनडे विश्व कप (ODI World Cup 2023) में खेलने को लेकर उम्मीद नहीं छोड़ी है जो चोट से उबर रहे हैं। भले ही वह विश्व कप के पहले कुछ मैच नहीं खेल सकें लेकिन टीम को उनके फिट होकर वापसी की उम्मीद है। मुख्य कोच गैरी स्टीड और टीम प्रबंधन विलियमसन के उबरने को लेकर सकारात्मक हैं।
केन विलियमसन (Instagram)
स्टीड ने कहा कि भले ही वह विश्व कप के पहले कुछ मैचों में नहीं खेल पायें लेकिन टीम उन्हें शामिल करने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम इस समय इसके बारे में बातें कर रहे हैं। अगर यह नॉकआउट चरण है तो मुझे लगता है कि यह थोड़ी देर हो जायेगी क्योंकि आप कह रहे हो कि आप टीम में शायद हो या शायद नहीं हो, लेकिन अगर विश्व कप में उनकी वापसी थोड़े पहले होती है तो हम निश्चित रूप से इसके बारे में विचार करेंगे।’’
विलियमसन ने मार्च के बाद से कोई क्रिकेट नहीं खेला है क्योंकि गुजरात टाइटन्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में क्षेत्ररक्षण करते समय उनके घुटने में चोट लग गयी थी और उन्होंने हाल में नेट में ट्रेनिंग और बल्लेबाजी शुरु की। यह 33 साल का खिलाड़ी विश्व कप से पहले अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के दौरान टीम से जुड़ेगा।
स्टीड ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘केन प्रतिदिन अपने उबरने की प्रक्रिया पर काम कर रहा है और हम उसे लेकर काफी स्पष्ट और सतर्क हैं क्योंकि हम ज्यादा दूर के बारे में नहीं देखना चाहते और ज्याद बड़ी उम्मीदें नहीं लगाना चाहते। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत में विश्व कप के लिए उसके जाने या नहीं जाने पर फैसला करने से पहले हर कदम उठायेंगे कि हम उसके लिये चिकित्सा सलाह लें और वह फिटनेस के उस स्तर तक पहुंचे जहां हम उसे देखना चाहते हैं। ’’
न्यूजीलैंड नौ ग्रुप चरण के मैच खेलेगा जबकि सेमीफाइनल 15 नवंबर को शुरु होंगे।
विलियमसन ने न्यूजीलैंड के 2015 और 2019 अभियान में अहम भूमिका निभायी थी जब वे लगातार फाइनल में पहुंचे थे। न्यूजीलैंड को विश्व कप के लिए 15 सदस्यों की टीम पांच सितंबर तक चुननी होगी। विलियमसन की अनुपस्थिति में टॉम लाथम टीम की अगुआई कर रहे हैं।
