NZ vs WI Highlights: न्यूजीलैंड ने बुधवार को मैकलीन पार्क में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया। बारिश से प्रभावित मैच में जीत के साथ मेजबान टीम ने सीरीज पर 2-0 से अपना कब्जा कर लिया है। अंतिम वनडे मैच 22 नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा। बारिश के चलते मुकाबला देर से शुरू हुआ। मैच में ओवरों की कटौती की गई। दोनों टीमों को 34-34 ओवर खेलने का मौका दिया गया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 34 ओवरों के खेल तक 9 विकेट खोकर 247 रन बनाए। वेस्टइंडीज महज 86 रन तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी।
न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज (साभार-ICC)
उसके बाद शाई होप ने जस्टिन ग्रीव्स के साथ छठे विकेट के लिए 44 रन जुटाते हुए टीम को संभाला। ग्रीव्स 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। होप ने रोमारियो शेफर्ड के साथ सातवें विकेट के लिए 47 रन जोड़े। कप्तान शाई होप 69 गेंदों में 4 छक्कों और 13 चौकों के साथ 109 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शेफर्ड ने 14 गेंदों में 22 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। उनके अलावा, मैथ्यू फोर्ड ने 21 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से नाथन स्मिथ ने 42 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि काइल जैमीसन ने 3 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 33.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम को डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 16.3 ओवरों में 106 रन की साझेदारी की। रचिन 46 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 5 छक्के और 4 चौके शामिल रहे, जबकि कॉन्वे 84 गेंदों में 1 छक्के और 13 चौकों के साथ 90 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
न्यूजीलैंड की टीम 194 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी थी। लेकिन कप्तान मिचेल सेंटनर (नाबाद 34) ने टॉम लैथम (नाबाद 39) के साथ छठे विकेट के लिए 26 गेंदों में 54 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिला दी।
