क्या मुंबई छोड़ने वाले हैं सूर्यकुमार यादव, आ गई सच्चाई सामने

सूर्यकुमार यादव को लेकर कुछ रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा था कि आगानी घरेलू सीजन में वह मुंबई रणजी टीम का दामन छोड़ सकते हैं। हालांकि, इन खबरों पर खुद सूर्या ने प्रतिक्रिया दी थी। अब मुंबई क्रिकेट संघ ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है और इस मसले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

यशस्वी जायसवाल के मुंबई छोड़ने की खबर जैसे ही सामने आई, इस बात की चर्चा भी तेज हो गई कि सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा से भी बातचीत की जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया, लेकिन जल्द ही सूर्यकुमार यादव सोशल मीडिया पर सामने आए और उन्होंने इस खबर का सिरे खंडन कर दिया। अब एक दिन बाद गुरुवार को मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) ने भी इसकी पुष्टि कर दी।

suryakumar Yadav

सूर्यकुमार यादव (साभार-X)

एमसीए ने खंडन किया कि सूर्यकुमार यादव अपने कुछ साथियों के साथ आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के लिए गोवा जाने की योजना बना रहे हैं। एमसीए ने कहा कि भारत का टी20 कप्तान खेल के हर फॉर्मेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुंबई के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल रणजी टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ियों के साथ कथित मतभेदों के कारण पहले ही मुंबई से गोवा जाने की घोषणा कर चुके हैं। जायसवाल हालांकि, तभी गोवा की टीम से जुड़ पाएंगे जब भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अपनी अंतर-राज्य स्थानांतरण विंडो खोलेगा।

बुधवार को एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सूर्यकुमार अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली मुंबई रणजी टीम छोड़ सकते हैं। असल में सूर्यकुमार ने खुद ही अपने एक्स हैंडल पर इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया था। एमसीए सचिव अभय हदाप ने एक बयान में कहा, ‘‘मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) को सूर्यकुमार यादव के कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ गोवा की टीम से जुड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों की जानकारी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एमसीए के अधिकारियों ने आज सुबह सूर्य से बात की और हम पुष्टि कर सकते हैं कि ये अफवाहें पूरी तरह से निराधार और झूठी हैं। सूर्यकुमार यादव मुंबई की तरफ से खेलने के लिए प्रतिबद्ध हैं और वह मुंबई का प्रतिनिधित्व करने में बहुत गर्व महसूस करते हैं। ’’ एमसीए के सचिव ने कहा, ‘‘हम सभी से गलत सूचना फैलाने से बचने और हमारे खिलाड़ियों का समर्थन करने का आग्रह करते हैं।’’ इस बात की भी पुष्टि की जा सकती है कि हैदराबाद के लिए खेलने वाले तिलक वर्मा के गोवा में जाने की खबरें गलत पाई गई हैं।

End Article
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। क...

End of Feed