MS Dhoni Birthday Celebration Video: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तान और अब चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में शीर्ष तक पहुंचाने वाले महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने 7 जुलाई को अपना 42वां जन्मदिन मनाया। पूरी दुनिया में करोड़ों क्रिकेट फैंस ने धोनी के इस खास दिन को सेलीब्रेट किया। अब आखिरकार धोनी का वीडियो भी सामने आ गया है, कि उन्होंने खुद कैसे अपना जन्मदिन मनाया।
महेंद्र सिंह धोनी ने ऐसे मनाया जन्मदिन (Instagram)
एम एस धोनी सोशल मीडिया पर बहुत कम एक्टिव रहते हैं। उन्होंने महीनों बाद अब जाकर कोई पोस्ट शेयर किया है। ये एक वीडियो है जिसमें धोनी अपना 42वां जन्मदिन सेलीब्रेट करते नजर आ रहे हैं। हमेशा की तरह पूरी सादगी से धोनी ने अपना जन्मदिन मनाया है।
इस वीडियो में धोनी अपने फार्महाउस पर बाहर एक छोटे से केक पर मोमबत्ती जलाते और फिर उस केक को काटते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में उनके आसपास उनके डॉग्स भी नजर आ रहे हैं। वो केक काटते हैं और फिर अपने डॉग्स को भी खिलाते हैं और खुद भी खाते हैं। इस वीडियो के साथ धोनी ने लिखा है- आप सभी की बधाईयों का शुक्रिया, एक झलक कि मैंने अपने जन्मदिन पर क्या किया।
एम एस धोनी ने आखिरी बार 8 फरवरी को सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट किया था। उस पोस्ट में धोनी अपने फार्महाउस में ट्रैक्टर चलाते दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है कि आईपीएल 2023 के विजयी अभियान के बाद धोनी ने अपने घुटने की सर्जरी कराई थी और अब वो रांची में अपने घर पर हैं।
