28 मार्च से आईपीएल का 19वां सीजन शुरू हो चुका है। इसके साथ ही प्रीडिक्शन का दौर भी शुरू हो गया। इसी क्रम में टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को लेकर भविष्यवाणी की थी। यूट्यूब पर बोलते हुए अश्विन ने कहा था कि लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम टॉप 4 में फिनिश नहीं कर पाएगी। अब उनकी इस भविष्यवाणी पर पहली बार इस टीम से खेलने वाले मोहम्मद शमी ने प्रतिक्रिया दी। शमी ने एक निजी पॉडकास्ट में अश्विन की भविष्यवाणी पर जवाब दिया।
मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन (साभार-X)
मेरी बातें बुरी लगेंगी बोले शमी
मोहम्मद शमी से जब उनकी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को लेकर की गई अश्विन की भविष्यवाणी पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि ऐसी बात मत पूछा करो मैं बोलूंगा तो बातें बुरी लगेंगी। लोगों को खराब लग जाती हैं। किसी के रेट करने से या फिर किसी के नंबर दे देने से वो महान नहीं बन जाता।
कैसी है लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम?
आईपीएल 2026 की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम पिछले सीजन की तुलना में ज्यादा बैलेंस नजर आ रही है। आईपीएल 2025 में लखनऊ की टीम 7वें नंबर पर रही थी। 14 मैच में लखनऊ ने 6 मुकाबला जीता था जबकि 8 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार टीम मजबूत नजर आ रही है। बल्लेबाजी पहले से ही इस टीम की ताकत थी, लेकिन इस बार गेंदबाजी में भी दमखम दिख रहा है। गेंदबाजी की बात करें तो मोहम्मद शमी के नेतृत्व में इस टीम के पास मयंक यादव, मोहसिन खान, आवेश खान और प्रिंस यादव जैसे विकल्प हैं। स्पिन गेंदबाजी में भी टीम के पास दिग्वेश सिंह राठी जैसे गेंदबाज हैं, जिसने पिछले सीजन में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। अब शमी और अश्विन का लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के लिए जो भी आंकलन हो, लेकिन पंत को इसे जमीन पर उतारना होगा। लखनऊ अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी।
