कराची: पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) ने कहा कि पाकिस्तान (Pakistan Cricket team) टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) फाइनल खेलने का हकदार नहीं था। पाकिस्तान को रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड (England Cricket team) के हाथों 5 विकेट से शिकस्त मिली। आमिर ने कहा कि पाकिस्तान के बल्लेबाज सिडनी के अलावा कही बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके। तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्हें यह देखकर हैरानी नहीं हुई कि पाकिस्तान के बल्लेबाजों को मेलबर्न की पिच पर संघर्ष करना पड़ा।
आमिर के हवाले से 24न्यूज ने कहा, 'बड़ी बात यह थी कि हमारी टीम फाइनल खेली। पाकिस्तान फाइनल खेलने का हकदार नहीं था। पूरी दुनिया जानती है कि हम कैसे फाइनल में पहुंचे। अल्लाह की मदद से वहां हम पहुंचे। अगर आप हमारे बल्लेबाजों का प्रदर्शन देखें तो नतीजों का पता चलेगा। हम सिडनी से बाहर आए तो पता था कि ऐसा कुछ होगा। मैं आपको पहले भी कह चुका हूं कि अगर एमसीजी की पिच पहले मैच की तरह हुई तो पाकिस्तान के बल्लेबाज संघर्ष करेंगे और ऐसा ही हुआ। टॉस जीतने के बाद हमें अच्छी शुरूआत की जरूरत थी और हम जानते थे कि परिस्थितियां कैसी हैं।'
आमिर ने मोहम्मद हैरिस पर भी भड़ास निकाली, जिन्होंने आदिल राशिद की गेंद पर बड़ा शॉट जमाने की कोशिश की। हैरिस 12 गेंदों में एक चौके की मदद से 8 रन बनाकर आउट हुए। आमिर ने कहा, 'हमने हैरिस और उनके इरादे के बारे में बात की। मगर इरादे के साथ आपको आभास भी होना चाहिए। आदिल राशिद की आप पहली गेंद का सामना करने जा रहे हो और आगे बढ़कर शॉट खेलने चले गए। इस तरह की पिच पर आप किसी और पर जिम्मेदारी नहीं छोड़ सकते हैं। नए बल्लेबाज को संघर्ष करना पड़ेगा। बेन स्टोक्स ने बताया कि अनुभव और मैच जागरूकता क्या होती है।'
बता दें कि पाकिस्तान ने एमसीजी पर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 137 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स (52*) के अर्धशतक की मदद से 19 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। सैम करन को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। करन ने फाइनल में 4 ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट लिए।
