CSK vs LSG, Marcus Stoinis Century: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) में चेन्नई के मैदान पर खेले गए रोमांचक मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को उसी के घर में 6 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। चार दिनों के अंदर लखनऊ ने दूसरी बार चेन्नई की टीम को पस्त किया और चेन्नई के मैदान पर ये उनकी पहली जीत साबित हुई। इस जीत के सबसे बड़े नायक बने लखनऊ सुपर जायंट्स के ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस जिन्होंने धमाकेदार शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। ये लक्ष्य का पीछा करते हुए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारी भी साबित हुई। वैसे स्टोइनिस के दिमाग में भी कुछ ना कुछ चल रहा था, इसकी वजह है कुछ ऐसा जो उनके साथ एक महीने पहले हुआ था।
मार्कस स्टोइनिस (AP)
चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा दिए गए 211 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 63 गेंदों में नाबाद 124 रनों की ऐतिहासिक पारी को अंजाम दिया। इस पारी के दम पर लखनऊ ने एम ए चिंदबरम स्टेडियम में मेजबान सीएसके को तीन गेंदें शेष रहते मात दे दी। अब आपको बताते हैं कि आखिर एक महीने पहले ऐसा क्या हुआ था जिसकी चिंगारी स्टोइनिस के अंदर सुलग रही थी।
सात समंदर पार पहुंचाया करारा जवाब
दरअसल, अपने इस शतक के जरिए स्टोइनिस ने ना सिर्फ आईपीएल में एक बार फिर अपना जलवा दिखाया बल्कि अपनी टीम को धमाकेदार जीत दिलाते हुए सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया में बैठे क्रिकेट प्रशासकों को भी एक करारा जवाब दिया है। एक महीने पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने अपने 23 खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध सूची (Central Contract List) से बाहर कर दिया था और उस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला बड़ा नाम मार्कस स्टोइनिस का भी था।
खुद जाहिर किया दर्द
स्टोइनिस ने इस ऐतिहासिक आईपीएल पारी के बाद अपना दर्द भी जाहिर किया और बताया कि उनको काफी पहले ही पता था कि उनको राष्ट्रीय कॉन्ट्रेक्ट नहीं मिलने वाला है, लेकिन वो टी20 विश्व कप 2024 खेलना चाहते हैं। स्टोइनिस ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच एंड्रयू मैकडॉनाल्ड से मेरा बहुत अच्छा रिश्ता है। मुझे कॉन्ट्रैक्ट ना मिलना, इसके बारे में काफी पहले से जानता था। ये अच्छा भी है कि युवाओं को मौका मिले। मुझे खुशी है कि वो मेरी जगह लेंगे। लेकिन जहां तक खेलने की बात है, तो मैं भी खेलना चाहता हूं (टी20 विश्व कप 2024) और अपना योगदान देना चाहता हूं।"
