BCCI IPL Expansion Plan: भारतीय प्रीमियर लीग (आईपीएल) दुनिया के सबसे बड़े स्पोर्टिंग लीग्स में शामिल हो चुका है, और अब यह टूर्नामेंट एक बड़े विस्तार की तरफ बढ़ रहा है। साल 2028 में न्यू मीडिया राइट्स साइकल शुरू होने के साथ ही आईपीएल के प्रत्येक सीजन में मैचों की संख्या बढ़कर 94 हो जाएगी।
आईपीएल में होगा बदलाव (फोटो- BCCI)
क्या है पूरा प्लान?
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन अरुण धूमल ने पुष्टि की कि बीसीसीआई आईसीसी और अन्य हितधारकों के साथ इस विस्तार पर चर्चा कर रहा है। उन्होंने कहा, "हमें आईसीसी और बीसीसीआई के भीतर इस पर चर्चा करनी होगी। जिस तरह से फैंस की रुचि बाइलेटरल क्रिकेट, आईसीसी इवेंट्स और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बदल रही है, उसे देखते हुए हमें इस पर गंभीरता से विचार करना होगा। हमारा लक्ष्य सभी हितधारकों के लिए अधिकतम मूल्य सृजित करना है।"
क्यों जरूरी है 94 मैच?
2022 में आईपीएल को 10 टीमों तक बढ़ाया गया था, जिससे मैचों की संख्या 60 से बढ़कर 74 हो गई। अब लीग को "होम एंड अवे" फॉर्मेट में वापस लाने की योजना है, जहां हर टीम एक-दूसरे के खिलाफ घर और बाहर दोनों जगह मैच खेलेगी। इसके लिए 94 मैचों की जरूरत होगी।फिलहाल, 10 टीमों को दो ग्रुप्स में बांटा गया है, जहां हर टीम अपने ग्रुप की टीमों से दो बार (होम और अवे) और दूसरे ग्रुप की दो टीमों से सिर्फ एक बार (एक होम, एक अवे) खेलती है। नए फॉर्मेट में यह सिस्टम बदल जाएगा।
क्या टीमों की संख्या बढ़ेगी?
धूमल ने स्पष्ट किया कि अभी टीमों की संख्या 10 ही रहेगी। उन्होंने कहा, "अभी के लिए 10 टीमें सही हैं। हमारी प्राथमिकता टूर्नामेंट की गुणवत्ता और क्रिकेट के स्तर को बनाए रखना है। शॉर्ट टर्म में कोई और विस्तार नहीं होगा।"
2025 में क्यों नहीं हुआ विस्तार?
बीसीसीआई ने पहले 2025 तक मैचों की संख्या 84 करने की योजना बनाई थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए इसे टाल दिया गया। धूमल ने बताया, "पिछले कुछ महीनों में भारतीय टीम का शेड्यूल काफी टाइट रहा है। ऑस्ट्रेलिया से टेस्ट सीरीज के बाद चैंपियंस ट्रॉफी और फिर आईपीएल खेला गया। ऐसे में 74 से 84 मैच करना सही नहीं लगा। जब सही समय आएगा, तब हम यह फैसला लेंगे।"
