नई दिल्ली: भारत के पूर्व टेनिस स्टार महेश भूपति और सानिया मिर्जा उन चार उत्कृष्ट खिलाड़ियों (एसओएम) में शामिल हैं जिन्हें अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) की संचालन संस्था के लिए चुना गया है। भूपति ने सबसे ज्यादा 19 मत हासिल किए और उनके बाद सानिया को 18 मत मिले। आशुतोष सिंह को 17 जबकि शालिनी ठाकुर चावला को 16 मत मिले। इस तरह चार निर्वाचित उम्मीदवारों की सूची पूरी हुई।
सानिया मिर्जा और महेश भूपति (फाइल फोटो)
मुकाबले में अन्य उम्मीदवार जानकी कृष्णमूर्ति (15), विशाल उप्पल (09), गौरव नाटेकर (08) और अंकिता भांबरी (07) थे। एआईटीए के संशोधित संविधान के अनुसार संचालन संस्था के लिए चार प्रतिनिधियों को चुना जाएगा जिसमें दो पुरुष और दो महिला खिलाड़ी शामिल हों। राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम के तहत तैयार की गई 40 सदस्यीय एसओएम सूची में 20 पुरुष और 20 महिला पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं। एसओएम प्रतिनिधित्व व्यापक खेल शासन सुधारों का हिस्सा है जिनका उद्देश्य राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रशासन में सफल खिलाड़ियों को बड़ी भूमिका देना है।
अपने अनुभव का इस्तेमाल करके टेनिस के विकास में देना है योगदान
निर्वाचन के बाद सानिया ने कहा कि इसका मकसद पेशेवर एथलीट के तौर पर अपने अनुभव का इस्तेमाल करके खिलाड़ियों की जरूरतों को समझना और भारतीय टेनिस के विकास में योगदान देना है। सानिया ने कहा,मुझे लगता है कि हम बस अपने अनुभव का इस्तेमाल करके यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि खिलाड़ियों को और किस चीज की जरूरत है। अभी यह बता पाना जल्दबाजी होगी कि असल में क्या किया जाएगा, क्योंकि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और EC (कार्यकारी समिति) के साथ मिलकर अभी कई चीजों को व्यवस्थित करना बाकी है।' सानिया ने उभरते खिलाड़ियों के लिए एक व्यापक सपोर्ट सिस्टम बनाने के महत्व पर भी जोर दिया, जिसमें बेहतरीन कोचिंग, टूर्नामेंट का अनुभव, मार्गदर्शन, फिटनेस सपोर्ट, और फिजियोथेरेपिस्ट व ट्रेनर्स तक पहुंच शामिल हो।
