इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान व दुनिया के शीर्ष ऑलराउंडर्स में शुमार बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने पिछले तीन महीने को अपनी कप्तानी का सबसे कठिन दौर बताया लेकिन यह भी दोहराया कि वह कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ मिलकर टीम को फिर से तैयार करने के लिये प्रतिबद्ध हैं। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज 1-4 से हारने के बावजूद बेन स्टोक्स, ब्रैंडन मैकुलम और प्रबंध निदेशक रॉब की अपने-अपने पद पर बने रहेंगे।
(बाएं से दाएं) रॉब की, ब्रैंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स (Instagram/BenStokes)
बेन स्टोक्स ने अपनी, रॉब की और मैकुलम की तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए एक भावुक खुले पत्र में लिखा, "इंग्लैंड का कप्तान बनना एक खिलाड़ी के लिये सबसे बड़ा सम्मान है और मैं इसे हलके में नहीं लेता। इसके अपने उतार चढाव हैं। यह आपको मुस्कुराने के मौके देता है तो रूलाता भी है।"
उन्होंने लिखा, "कई बार लगता है कि आपके जीवन में बस यही चीज बची है। पिछले तीन महीने कप्तानी के मेरे सफर का सबसे कठिन दौर रहा । इसने कई तरह से मेरी परीक्षा ली और मुझे यकीन है कि हर कप्तान के जीवन में ऐसा दौर आता है।"
उन्होंने कहा कि वह मैकुलम और की के साथ मिलकर फिर टीम तैयार करेंगे। उन्होंने कहा, "बाज, रॉब और मेरे भीतर टीम को आगे ले जाने की इच्छा और जुनून है। हम अपना सब कुछ झोंक देंगे। हमें पता है कि हमने गलतियां की है लेकिन अब उनसे सबक लेकर आगे बढेंगे। सफलता से ज्यादा आप असफलता से सीखते हैं।"
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में स्थितियां पिछले कुछ समय से अच्छी नहीं रही हैं लेकिन अब बेन स्टोक्स वापसी कराना चाहते हैं, ताकि उनके फैंस को राहत मिल सके। दूसरी तरफ इंग्लैंड की सीमित ओवर क्रिकेट टीम ने हाल में संतोषजनक प्रदर्शन किया है, जिसमें हाल में टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचना भी शामिल रहा।
