अश्विन की अनुपस्थिति में इस गेंदबाज से मदद ले रहे हैं कुलदीप यादव

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज 20 जून से होने जा रहा है। इस बार टीम इंडिया के साथ अनुभवी स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन नहीं हैं। ऐसे में इसकी जिम्मेदारी कुलदीप यादव के पास है। उन्होंने इसको लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है और बताया है कि वह किससे मदद ले रहे हैं।

अनुभवी रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने के बाद भारतीय टीम के मुख्य स्पिनर कुलदीप यादव से इंग्लैंड दौरे पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है और यह वामहस्त स्पिनर ‘इंट्रा स्क्वाड’ अभ्यास मैच के दौरान पिच से मिली मदद से आत्मविश्वास से लबरेज है। कुलदीप बायें हाथ के एक अन्य स्पिनर (हरफनमौला) रविंद्र जडेजा के साथ अधिक समय बिता रहे हैं। अश्विन के संन्यास के बाद जडेजा पर अधिक जिम्मेदारी होगी क्योंकि उन्हें इंग्लैंड में 12 टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है जबकि कुलदीप ने इस देश में एक टेस्ट में सिर्फ नौ ओवर गेंदबाजी की है।

kuldeep Yadav ICC

कुलदीप यादव (साभार-icc)

भारतीय टीम ने इंग्लैंड में 2007 के बाद कोई टेस्ट श्रृंखला नहीं जीती है और विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसा करने के लिए टीम को कुलदीप के योगदान की जरूरत होगी। वह लीड्स में खेले जाने वाले शुरुआती मैच में शायद एकादश का हिस्सा ना हो लेकिन बर्मिंघम, लॉर्ड्स और ओवल के मैदानों पर कारगर साबित हो सकते हैं। कुलदीप ने ‘इंट्रा स्क्वाड’ अभ्यास मैच से इतर कहा, ‘‘विकेट (पिच) स्पिनरों के लिए अच्छा हैं। यह बल्लेबाजी के लिए भी अच्छा है। पहले दिन नमी थी, तेज गेंदबाजों को मदद मिली लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा, स्पिनरों ने मैच में अपना दबदबा बनाया।’’

End of Feed