इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित से मंगलवार को अलग होने की घोषणा की।
चंद्रकांत पंडित (साभार-KKR X)
वह साल 2023 आईपीएल सत्र से पहले टीम से जुड़े थे। उनकी देखरेख में केकेआर 2024 में आईपीएल चैंपियन बनीं थी, जबकि 2025 में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और उसने रहाणे की कप्तानी में प्वाइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर रही थी। यह इस लीग में उसके सबसे खराब प्रदर्शन में से एक था।
केकेआर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ चंद्रकांत पंडित ने नये अवसरों की तलाश करने का फैसला किया है और वह कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच नहीं रहेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हम उनके अमूल्य योगदान के लिए आभारी हैं। जिसमें 2024 में केकेआर को आईपीएल चैंपियन बनाने के साथ एक मजबूत और जुझारू टीम बनाने में मदद करना शामिल है। उनके नेतृत्व और अनुशासन ने टीम पर स्थाई और मजबूत प्रभाव छोड़ा है। हम उन्हें भविष्य के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हैं।’’ भारतीय घरेलू क्रिकेट में सम्मानित नामों में शुमार पंडित को 2023 से पहले केकेआर ने मुख्य कोच नियुक्त किया था। उनके कार्यकाल के पहले साल में टीम नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर के बिना तालिका में सातवें स्थान पर रही थी। अय्यर चोट के कारण इस सत्र में खेल से दूर रहे थे।
2024 में अय्यर की टीम में वापसी हुई। लेकिन इस बार टीम से एक और खास नाम को जोड़ा गया। गौतम गंभीर मेंटॉर के तौर पर साथ आए। पंडित और गंभीर की जोड़ी चल निकली। दोनों के मार्गदर्शन में केकेआर ने न केवल खिताब जीता, बल्कि अपने आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक अंक और सर्वश्रेष्ठ नेट रन रेट भी हासिल किया। टीम हालांकि 2025 में यह लय बरकरार नहीं रख सकी। टीम 14 लीग मैचों में से सिर्फ में जीत दर्ज कर सकी और अपने आखिरी दो मैच बाकी रहते ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गयी थी।
