IND vs AUS 1st Test Playin-11: भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान लोकेश राहुल का मानना है कि नागपुर के क्रिकेट स्टेडियम की पिच के मिजाज का अंदाजा लगाना मुश्किल है लेकिन टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में तीन स्पिनरों को उतारना चाहती है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला के शुरू होने में अब महज एक दिन बचा है लेकिन इस सलामी बल्लेबाज ने टीम में तीन जगहों को लेकर कोई तय जवाब नहीं दिया। राहुल ने विकेटकीपर, तीसरे स्पिनर और पांचवें क्रम के बल्लेबाज के बारे में पूछे गये सवाल का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
केएल राहुल (BCCI)
मध्यक्रम में शुभमन गिल को मौका दिए जाने के बारे में पूछने पर राहुल ने कहा, ‘‘हमने अब तक अंतिम एकादश पर फैसला नहीं किया है। यह एक कठिन निर्णय होगा। ऐसे खिलाड़ी है जिन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और कुछ स्थान के लिए कई विकल्प हैं। ऐसे में अभी चर्चा जारी है और खिलाड़ियों से बात की जा रही है।’’
यहां के वीसीए क्रिकेट मैदान पर पहले दिन से ही स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना है लेकिन राहुल पिच को लेकर कुछ बोलने से बचते दिखे। उन्होंने कहा, ‘‘हां, हमने इसे (पिच) देखा था, लेकिन वास्तव में पिच के मिजाज के बारे में पता लगाना जल्दबाजी होगी। हमें मैच के दिन यहां आकर इसका आकलन करना होगा।’’
इस दायें हाथ के बल्लेबाज ने कहा, ‘‘हम केवल इसे देख सकते हैं और कयास लगा सकते है कि इसका मिजाज कैसा होगा । हां, हम अंतिम एकादश में तीन स्पिनरों को रखना चाहते है क्योंकि हम भारत में खेल रहे हैं। हम इस पर कोई फैसला मैच के दिन या उससे एक दिन पहले करेंगे।’’ कप्तान रोहित शर्मा की टीम में वापसी हो गयी है और राहुल से जब पूछा गया कि वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करना चाहेंगे जैसा की उन्होंने 2014 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत के दौरान किया था।
राहुल ने कहा, ‘‘ अगर ऐसी जरूरत हुई तो मुझे खुशी होगी। मैंने हमेशा टीम की जरूरत के मुताबिक ही खेला है। टीम ने मुझे जो भी करने के लिए कहा है, मैं कोशिश करता हूं और उसके लिए पूरी तरह से तैयार रहूं और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करता हूं। अगर ऐसा कुछ है जो टीम मुझसे यहां करना चाहती है, तो मुझे ऐसा करने में खुशी होगी।’’
