KKR vs PBKS Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: आईपीएल 2025 में आज होने वाला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स (Kolkata Knight Riders vs Punjab Kings) के बीच खेला जाना है। इस मैच का आयोजन कोलकाता (Kolkata) में होना है। इस मैच से पहले टूर्नामेंट में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 8 में से 3 मैच जीते हैं और 5 मैच गंवाए हैं। वहीं, पंजाब किंग्स की टीम ने अपने आठ मुकाबलों में पांच में जीत दर्ज की है और 3 मैचों में उनको हार मिली है। कोलकाता ने अपने पिछले दो मैच जो हारे हैं उसमें एक मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ उनके होम ग्राउंड पर था। आज कोलकाता अपने घर में पंजाब को चुनौती देने वाली है, ऐसे में मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद की जा सकती है। मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और टॉस 7:00 बजे होगा। कोलकाता और पंजाब के बीच होने वाले इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की अगुवाई अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) करेंगे। जबकि पंजाब किंग्स टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के हाथों में होगी, जो अपने पुराने होम ग्राउंड में मैच खेलने लौट रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले साल अय्यर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान होते हुए उनको चैंपियन बनाया था लेकिन बाद में केकेआर ने उनको रिलीज करके सबको चौंका दिया। नीलामी में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ की बड़ी कीमत पर खरीदा था।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स पिच रिपोर्ट
आज कोलकाता और पंजाब के बीच होने वाले आईपीएल 2025 के मैच में सबकी नजरें अंक तालिका पर भी रहने वाली हैं क्योंकि अब हर अगले मुकाबले के साथ प्लेऑफ की दौड़ पेचीदा होती जाएगी। फिलहाल, कोलकाता की टीम अंक तालिका में 6 अंकों के साथ सातवें नंबर पर है और उनका नेट रन रेट 0.212 है। वहीं, पंजाब किंग्स की स्थिति काफी बेहतर है। वे 10 अंक लेकर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर हैं और उनका नेट रन रेट 0.177 है। कोलकाता और पंजाब की टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 29 मैच खेले जा चुके हैं जिनमें केकेआर का पलड़ा बहुत भारी नजर आता है। कोलकाता ने पंजाब को 20 मैचों में हराया, जबकि पंजाब सिर्फ 9 मैचों में केकेआर को शिकस्त दे पाई है। आज का मुकाबला कोलकाता के मैदान पर होगा। इस मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच अब तक 11 मैच हुए हैं जिनमें 8 मैच में मेजबान केकेआर ने जीते हैं और 3 मैच मेहमान पंजाब की टीम ने अपने नाम किए हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स आईपीएल 2025 में आज के मैच की पिच रिपोर्ट (KKR vs PBKS Pitch Report)
आईपीएल के 18वें संस्करण में आज कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) में होगा। इस ग्राउंड की पिच हमेशा से बल्लेबाजों को फायदा पहुंचाती आई है और मौजूदा सीजन भी इससे कुछ अलग नहीं रहा है। अब तक आईपीएल 2025 में इस ग्राउंड पर 4 मैच हो चुके हैं। पहले मैच में केकेआर ने आरसीबी को 175 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में बेंगलुरू ने 16.2 ओवर में ही 7 विकेट से मैच जीत लिया। दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 201 रनों का लक्ष्य दिया, हालांकि हैदराबाद 16.4 ओवर में 120 रनों पर ऑल-आउट हो गई। तीसरे मुकाबले में ईडन गार्डन्स में लखनऊ ने 238 रनों का बड़ा स्कोर बनाया, जिसके जवाब में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स 7 विकेट पर 234 रन ही बना पाई और मुकाबला 4 रन से हार गए। चौथा व अंतिम मैच यहां गुजरात और कोलकाता के बीच हुआ था जिसमें गुजरात टाइटंस ने पहले बैटिंग करते हुए 3 विकेट पर 198 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 159 रन पर ही अटक गई और मैच 39 रनों से हार गई। यहां इस सीजन में अब तक हुए इन चार मैचों में से मेजबान कोलकाता सिर्फ एक ही मैच जीत सकी है। सबकी निगाहें इस पिच पर कोलकाता और पंजाब किंग्स के स्पिनर्स पर होंगी। दोनों टीमों के पास विश्व स्तरीय स्पिन गेंदबाज मौजूद हैं।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुए पिछले मैच 5 आईपीएल मैचों के स्कोरकार्ड (Last 5 IPL Matches Scorecards Played At Kolkata)
| मुकाबले की तारीख | दोनों टीमें | मैच का स्कोरकार्ड | नतीजा |
| 11 मई 2024 | कोलकाता-मुंबई | कोलकाता- 157/7, मुंबई- 139/8 (16 ओवर) | कोलकाता 18 रन से जीता |
| 22 मार्च 2025 | कोलकाता-बेंगलुरू | कोलकाता- 174/8, बेंगलुरू- 177/3 (16.2 ओवर) | बेंगलुरू 7 विकेट से जीता |
| 3 अप्रैल 2025 | हैदराबाद-कोलकाता | कोलकाता- 200/6, हैदराबाद- 120 ऑलआउट (16.4 ओवर) | कोलकाता 80 रन से जीता |
| 8 अप्रैल 2025 | लखनऊ-कोलकाता | लखनऊ- 238/3, कोलकाता- 234/7 | लखनऊ 4 रन से जीता |
| 21 अप्रैल 2025 | गुजरात-कोलकाता | गुजरात- 198/3, कोलकाता- 159/8 | गुजरात 39 रनों से जीता |
कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In KKR vs PBKS IPL Match Today)
आज केकेआर और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले आईपीएल 2025 की टक्कर में फैंस की नजरें कई खिलाड़ियों पर रहेंगी। इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से कप्तान अजिंक्य रहाणे के अलावा वेंकटेश अय्यर (Venkatesh Iyer), वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy), हर्षित राणा (Harshit Rana) और रहमानुल्लाह गुरबाज (Rahmanullah Gurbaz) पर नजरें रहेंगी। वहीं पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस के साथ-साथ प्रियांश आर्या (Priyansh Arya), प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh), अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh), मार्को जेनसेन (Marco Jansen) और युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) से उम्मीदें बंधी रहेंगी।
कोलकाता और पंजाब की आईपीएल 2025 में टीमें (Kolkata And Punjab IPL 2025 Squads)
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमः अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, क्विंटन डी कॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज, रमनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, एनरिक नॉर्किया, हर्षित राणा, अनुकूल रॉय, मोइन अली, रोवमैन पॉवेल, स्पेंसर जॉनसन, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडे, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, लवनिथ सिसौदिया और मनीष पांडे।
पंजाब किंग्स की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, हरप्रीत बरार, प्रभसिमरन सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, विजयकुमार विशक, जेवियर बार्टलेट, पायला अविनाश, प्रवीण दुबे, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, हरनूर पन्नू, मार्को जेनसन, जोश इंग्लिस, कुलदीप सेन और आरोन हार्डी, यश ठाकुर, प्रियांश आर्य, मुशीर खान और सूर्यांश शेडगे।
आज कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम (Kolkata Weather Forecast Today)
आज का आईपीएल मैच कोलकाता और पंजाब के बीच कोलकाता में खेला जाना है। यहां के मौसम की बात करें तो अच्छी खबर ये है कि बारिश की कोई आशंका नहीं है और मौसम खुला रहेगा। कोलकाता में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है। दिन में तेज धूप रहेगी और काफी गर्मी शाम तक महसूस की जा सकेगी। उमस भी काफी रहने वाली है।
