आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने बल्ले से अपना दबदबा कायम किया है। इसमें सबसे ज्यादा योगदान वैभव सूर्यवंशी ने दिया है। हैरानी की बात यह है कि इस सीजन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की नींव रखने वाला खिलाड़ी इस टूर्नामेंट का सबसे युवा क्रिकेटर है। महज 14 साल की उम्र में आईपीएल में डेब्यू करने के बाद से ही वह विपक्षी टीम पर हावी होकर खेल रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी पर कपिल देव का बयान। फाइल फोटो
महज 15 साल की उम्र में ही इस युवा खिलाड़ी ने 28 टी20 मैच खेल लिए हैं और इस प्रारूप में 215.39 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1100 से अधिक रन बना लिए हैं। हो सकता है कि वह सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज न हों, लेकिन अपनी बल्लेबाजी की क्षमता के दम पर उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में ही सुर्खियां बटोर ली हैं।
कपिल देव ने बयान देने से किया परहेज
जहां हर बड़े खिलाड़ी ने टी20 क्रिकेट में भारतीय युवा खिलाड़ी के दबदबे और उसे सीनियर मेंस टीम में शामिल किए जाने के समर्थन पर अपनी राय दी है और उसकी तुलना दिग्गज सचिन तेंदुलकर से भी की है, वहीं पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने इस तरह के कोई बड़े बयान देने से परहेज किया है।
जब उनसे रॉयल्स के युवा खिलाड़ी के बारे में उनकी राय पूछी गई, तो 1983 विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा कि वे इस तरह की टिप्पणी करने की सही स्थिति में नहीं है। कुछ बेहतर लोग खेल के बारे में अधिक जानते हैं, जिसके लिए उन्होंने अपने पूर्व साथियों का भी नाम लिया।
'मुझे नहीं पता'
कपिल देव ने कहा, मुझे नहीं पता, क्योंकि मैंने वो देखा नहीं है। मैं आप लोगों जैसा ही हूं। टीवी पर जो कुछ भी दिखाया जाता है, मैं देखता हूं और उसे समझने की कोशिश करता हूं। मैं घर पर टीवी पर क्रिकेट देखता हूं, और फिर उस पर राय देना सही नहीं है। जो लोग बात करते हैं और सबको देखते हैं, वे बेहतर होते हैं। सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री या हर्षा भोगले जैसे लोग मुझसे ज्यादा बेहतर बात कह सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ शतक लगाने के बाद से ही विश्व क्रिकेट में तहलका मचा दिया है। 14 साल की उम्र में आईपीएल शतक लगाने के बाद से ही वह एक उभरते हुए सितारे के रूप में पहचाने जाने लगे थे। अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में 175 रनों की रिकॉर्ड पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद के साथ कदम रखा। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले ही मैच में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल इतिहास के सबसे तेज अर्धशतकों में से एक बनाया।
