टीम इंडिया ने तीसरे दिन रांची टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 192 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिना किसी नुकसान के 40 रन बना लिए हैं। रोहित 27 गेंद में 24 जबकि इनफॉर्म बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 21 गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया को मैच और सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के लिए 152 रन और बनाने हैं और उसके सभी विकेट सुरक्षित हैं।
रोहित ने लगाई सरफराज को डांट
मैदान पर टीम इंडिया के कप्तान रोहित अपने हल्के-फुल्के अंदाज के लिए जाने जाते हैं। जब इंग्लैंड की दूसरी पारी चल रही थी तो उनका ऐसा ही एक अंदाज सरफराज खान से साथ देखने को मिला, जब उन्होंने इस युवा बल्लेबाज को हेलमेट पहनने की सलाह दी और कहा ज्यादा हीरो नहीं बनने का। दरअसल इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाज शोएब बशीर बल्लेबाजी कर रहे थे और सिली प्वाइंट पर खड़े सरफराज खान ने हेलमेट नहीं पहनी थी।
इस पर रोहित ने उन्हें हेलमेट पहनने की सलाह दी और अपने स्टाइल में डांट लगाते हुए कहा 'ज्यादा हीरो नहीं बनने का। आपको बता दें कि सरफराज खान ने राजकोट टेस्ट में डेब्यू किया था। उन्होंने दोनों ही पारी में अर्धशतकीय पारी खेली थी और अपने पहले टेस्ट को यादगार बना लिया था।
पहली पारी में नहीं चला था बल्ला
हालांकि, रांची टेस्ट में सरफराज का बल्ला नहीं चला। पहली पारी में सरफराज ने 53 गेंद खेले और केवल 14 रन बनाया। उन्हें टॉम हार्टली ने जो रूट के हाथों कैच कराया। हालांकि, दूसरी पारी में अभी उनकी बल्लेबाजी बाकी है और टीम इंडिया के चौथी पारी के रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी।
