SMAT: जमशेद आलम ने T20 डेब्यू में ली डबल हैट्रिक, चार गेंद पर 4 विकेट लेकर कर ली पाकिस्तानी गेंदबाज के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

जमशेद आलम T20 मैच में लगातार चार गेंद पर चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ यह कारनामा किया। वह टी20 डेब्यू में लगातार चार गेंद पर चार विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने। डेब्यू मैच में चार गेंद पर चार विकेट लेने के मामले में पाकिस्तान के गेंदबाज के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रेलवेज के 23 साल के दाएं हाथ के मीडियम पेसर जमशेद आलम ने अपने T20 डेब्यू में गदर काट दिया। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर नया इतिहास रच दिया। वह ऐसा कारनामा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज और दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने। जमशेद ने मात्र 9 गेंद पर पांच विकेट हॉल पूरा किया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, T20 क्रिकेट में इससे कम गेंद में सिर्फ दो बार पांच विकेट लिए गए हैं। इसके साथ ही वह मेंस के T20 क्रिकेट में डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले छठे भारतीय भी बने।

jamshed alam

जमशेद आलम ने की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी। फाइल फोटो

इंदौर में खेले गए इस मैच में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 182 रन बनाए थे। इसके जवाब में सौराष्ट्र की पारी के चौथे ओवर में आलम ने कहर बरपा दिया। डेब्यू मैच में पहली बार गेंदबाजी करते हुए हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचित अहीर और सम्मार गज्जर को लगातार चार गेंद पर आउट कर दिया। उन्होंने अपने अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा का विकेट लेकर पांच विकेट पूरे किए। इस समय सौराष्ट्र का स्कोर 6 विकेट पर 30 रन था।

End of Feed