डबलिन: आयरलैंड के 28 वर्षीय लेग स्पिनर बेन व्हाइट ने शनिवार को अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। व्हाइट ने तीनों फॉर्मेट में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व किया। वो आखिरी बार आयरिश टीम की जर्सी पहनकर खेलते हुए दिसंबर 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ नजर आए थे। व्हाइट ने आयरलैंड के लिए 3 टेस्ट, 2 वनडे और 38 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले और इस दौरान कुल 41 विकेट अपने नाम किए। साल 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बालफेस्ट में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने साल 2023 में बुलवायो में ओमान के खिलाफ वनडे और बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में 2023 में टेस्ट डेब्यू किया था। अप्रैल 2023 में श्रीलंका के खिलाफ गॉल में उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट खेला।
बेन व्हाइट (फोटो क्रेडिट ICC)
तीन टी20 विश्व कप में लिया भाग
लंबे कद और अनोखे एक्शन वाले कलाई के स्पिनर व्हाइट को आयरलैंड की टीम में तीन T20 विश्व कप (2021, 2024 और 2026) के लिए चुना गया था। उन्होंने टेस्ट, वनडे और T20I तीनों फॉर्मेट में हिस्सा लिया, लेकिन सबसे छोटे फॉर्मेट में वे सबसे ज्यादा प्रभावी साबित हुए। गेंद को फ्लाइट कराने और अचानक रफ्तार बदलने की खूबी की बदौलत उन्होंने T20I क्रिकेट में औसतन 20वीं गेंद पर विकेट चटकाया। टी20आई में उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साल 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ किया था। उस मुकाबले में उन्होंने 20 रन देकर 4 विकेट लिए थे।
देश का प्रतिनिधित्व का मौका देने के लिए धन्यवाद
संन्यास का ऐलान करते हुए व्हाइट ने सबसे बड़े मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने के लिए आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड का आभार जताया। व्हाइट ने कहा,'मैं क्रिकेट आयरलैंड को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे अपने देश का प्रतिनिधित्व करने और सर्वोच्च स्तर पर क्रिकेट खेलने का मौका दिया, जो कि मेरा बचपन का सपना था। तीन ICC T20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करना और टेस्ट क्रिकेट खेलना, ऐसी चीजें थीं जिनकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी, लेकिन मुझे इन उपलब्धियों पर हमेशा बहुत गर्व रहेगा। इस सफर के दौरान मुझे जो अनुभव मिले और जो यादें बनीं, उनके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।'
