वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देख हर कोई हैरान हैं। आईपीएल 2025 में वैभव ने ट्रेलर दिखाया था। इस सीजन वह गेंदबाजों और विपक्षी टीमों को अपनी सिक्स हिटिंग पावर की पूरी फिल्म दिखा रहे हैं। अभी तक वह कुल 53 सिक्स जड़ चुके हैं। आईपीएल के एक सीजन में वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा सिक्स लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वैभव की तूफानी बल्लेबाजी देख अनिल कुंबले और इरफान ने बड़ा बयान दिया है।
अनिल कुंबले और इरफान पठान ने किया बड़ा दावा। फोटो- BCCI/IPL
अनिल कुंबले का मानना है कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की रेंज और स्वभाव उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अलग करता है और वह आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। गेल के 2012 में लगाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी करने से केवल छह छक्के दूर हैं।
वैभव सूर्यवंशी रच सकते हैं इतिहास
कुंबले ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, उन्होंने इस आईपीएल सत्र में अभी तक ही 53 छक्के लगा दिए हैं। एक सत्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 59 छक्के लगाए हैं। मुझे लगता है वैभव सूर्यवंशी गेल का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच सकते हैं।
'छोटी उम्र में दिखाई परिपक्वता'
टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच अनिल कुंबले ने कहा, बहुत कम बल्लेबाज कवर के ऊपर से इतनी आसानी से छक्के मार सकते हैं, लेकिन सूर्यवंशी ने दिग्वेश राठी के खिलाफ कई बार ऐसा किया। मुझे खुशी है कि लोगों के पास अब भी ऐसी प्रतिभा का वर्णन करने के लिए शब्द हैं। मेरे पास तो शब्द कम पड़ते जा रहे हैं। यह लड़का बहुत खास है। वह इतनी छोटी उम्र में भी पूरी परिपक्वता दिखाते हैं।
गेंदबाजों में खौफ पैदा कर रहे वैभव
वहीं, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजों के दिलो दिमाग में इस तरह का खौफ पैदा करेंगे जैसा वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल ने अपने चरम पर रहते हुए किया था।
10 गेंद के बाद आया तूफान
पठान ने जिओ हॉटस्टार से कहा, उसे रोकना बहुत मुश्किल है। अपनी शुरुआती 10 गेंदों में वह 100 से कम के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहा था और आखिर में उसने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन बनाए। वह वास्तव में क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। गेंदबाज होने के कारण हम हमेशा क्रिस गेल का सामना करने से डरते थे। वैभव सूर्यवंशी वही खौफ पैदा कर रहा है। गेल का रिकॉर्ड निश्चित रूप से खतरे में है।
15 साल के बल्लेबाज ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स की तरफ से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंद में 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके शामिल हैं। इस तूफानी पारी की बदौलत उनकी टीम ने 221 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट से आसान जीत हासिल की।
