इंडियन प्रीमीयर लीग के अगले सीजन (आईपीएल 2023) के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन (छोटी नीलामी) की बीसीसीआई ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आईपीएल टीमों को सूचित कर दिया गया है कि वे उन सभी खिलाड़ियों की लिस्ट 15 नवंबर तक जमा कर दें जिनको रिटेन किया गया है या करने की तैयारी है। आईपीएल नीलामी इसी साल दिसंबर में आयोजित की जा सकती है। सभी 10 टीमों को जल्द से जल्द अपने रिटेन्ड प्लेयर्स के नाम सामने लाने होंगे।
इस बार आईपीएल की नीलामी में टीमो का पूरा बजट पर्स 95 करोड़ रुपये होगा। इसके अलावा अब पुरानी टीमों को जो चार खिलाड़ियों को शुरुआत में रिटेन करने की छूट मिली थी, वो भी समाप्त हो गई है।
कुछ खिलाड़ियों को तकरीबन छह फ्रेंचाइजी टीमों ने आईपीएल 2022 में इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किया गया था। अब इन सभी टीमों को ये भी तय करना होगा कि जो मुख्य खिलाड़ी चोटिल हुआ था उसको बरकरार रखा जाएगा या फिर उसकी जगह जिस विकल्प को शामिल किया गया था उसको रिटेन किया जाएगा।
