अबुधाबी: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने आईपीएल 2026 की नीलामी में इतिहास रच दिया है। ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइज के साथ नीलामी में उतरे ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये की कीमत पर अपने नाम किया है। आंद्रे रसेल के आईपीएल से संन्यास लेने के बाद केकेआर को अपनी टीम में एक बड़े फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर की जरूरत थी। इस कमी को मोटी कीमत अदा करके केकेआर ने पूरा कर लिया है।
कैमरन ग्रीन(फोटो क्रेडिट Cameron Green Instagram)
चार टीमों के बीच हुई भिड़ंत
ग्रीन टीम में शामिल करने के लिए मुंबई इंडियन्स, चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुई। अंत में बाजी केकेआर के हाथ लगी। 25.20 करोड़ रुपये में नीलाम होकर ग्रीन ने अपने ही देश के मिचेल स्टार्क का आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। स्टार्क को केकेआर ने साल 2024 में 24.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। ऐसे में केकेआर ने सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी को खरीदने वाली टीम होने का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा है।
मुंबई और आरसीबी के रहे हैं सदस्य
कैमरन ग्रीन इससे पहले मुंबई इंडियन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिए खेल चुके हैं। केकेआर उनकी लीग में तीसरी टीम होगी। मुंबई ने हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने के लिए ग्रीन को आरसीबी को ट्रेड कर दिया था। पिछले सीजन चोट की वजह से ग्रीन नीलामी में नहीं उतरे थे। एक साल बाद उनकी लीग में वापसी धमाकेदार रही है।
ऐसा रहा है आईपीएल में प्रदर्शन
कैमनर ग्रीन ने आईपीएल में अबतक खेले दो सीजन में 19 मैच में 41.59 के औसत और 153.70 के स्ट्राइक रेट से 707 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। नाबाज 100 रन उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। ये पारी उन्होंने मुंबई इंडियन्स के लिए 2023 में खेली थी।
(डेवलपिंग स्टोरी)
