अहमदाबाद: राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में खेल रहे धाकड़ कीवी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की पॉवरप्ले में तूती बोलती है। बोल्ट ने पॉवरप्ले में विकेट चटकाने का सिलसिला बुधवार को आरसीबी के खिलाफ सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में भी जारी रहा। बोल्ट ने पारी के पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर फॉफ डुप्लेसी को रोवमैन पॉवेल के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। इस विकेट के साथ ही बोल्ट ने आईपीएल के पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में साझा रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
ट्रेंट बोल्ट(साभार IPL/BCCI)
पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
ट्रेंट बोल्ट ने आईपीएल में खेले 118 मैच में 131 विकेट 27.20 के औसत और 8.29 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। इसी दौरान उन्होंने 131 में से 59 विकेट अपनी झोली में पॉवरप्ले में गेंदबाजी करते हुए अपने नाम किए। इसके साथ ही वो पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में संदीप शर्मा के साथ साझा रूप से दूसरे पायदान पर काबिज हो गए हैं। पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भुवनेश्वर कुमार के नाम दर्ज है। उन्होंने शुरुआती ओवरों में गेंदबाजी करते हुए आईपीएल में 71 विकेट अपने नाम किए हैं।
शानदार रहा मौजूदा सीजन में प्रदर्शन
बोल्ट का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में शानदार रहा है। उन्होंने 15 मैच में 13 विकेट 29.85 के औसत और 8.03 की इकोनॉमी के साथ अपने नाम किए हैं। सीजन में बोल्ट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देकर 3 विकेट रहा।
