IPL 2024, PBKS (Punjab Kings) vs MI (Mumbai Indians) Pitch Report And Mullanpur Mohali Weather Forecast Today: आईपीएल 2024 में आज सीजन का 33वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में आमने-सामने होंगी पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स की टीमें। अब तक दोनों टीमों के लिए मौजूदा टूर्नामेंट कुछ खास नहीं रहा है। अंक तालिका में पंजाब किंग्स आठवें और मुंबई इंडियन्स नौवें पायदान पर है। आज का मुकाबला शाम 7.30 बजे से मुल्लांपुर मोहाली के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। शिखर धवन के चोटिल होने के बाद पंजाब किंग्स की कमान सैम कुरेन (Sam Curran) हाथों में होगी। वहीं मुंबई इंडियन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) हैं जिनकी कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन फीका रहा है।
पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियन्स पिच और वेदर रिपोर्ट, आईपीएल 2024
आज पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच खेले जाने वाले मुकाबले से पहले जान लेते हैं कि दोनों टीमों का अबतक टूर्नामेंट में सफर कैसा रहा है। पंजाब और मुंबई दोनों ही टीमों ने अबतक 6-6 मैच खेले हैं जिसमें से 2-2 मुकाबलों में उन्हें जीत और 4-4 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स बेहतर नेट रन रेट के आधार पर अंक तालिका(IPL 2024 Points Table) में आठवें और मुंबई इंडियन्स की टीम नौवें पायदान पर है। ऐसे में दोनों टीमों की कोशिश गुरुवार(18 अप्रैल, 2024) को खेले जाने वाले मुकाबले में जीत दर्ज करके अपनी स्थिति में सुधार करने की होगी। ऐसे में आइए जानते हैं कि आज जब दोनों टीमों का मुल्लांपुर में आमना-सामना होगा तो कैसी होगी पिच और मोहाली(मुल्लांपुर) के मौसम का हाल?
पंजाब किंग्स-मुंबई इंडियन्स पिच रिपोर्ट (PBKS vs MI Pitch Report)
पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स की टीमों के बीच भिड़ंत मोहाली के मुल्लांपुर में बने नए स्टेडियम में होगी। इस मैदान पर अबतक तीन मुकाबले खेले गए हैं। जिसमें से कोई भी मैच हाई स्कोरिंग नहीं रहा है। इस मैदान पर अधिकतम 182 रन बने हैं। तीन मैच की 6 पारियों में इस मैदान पर औसत स्कोर 168 रन रहा है। प्रति पारी यहां 7.5 सात विकेट गिरे हैं। यानी कि पिच गेंदबाजों के ज्यादा मुफीद रही है। तीन मैच में दो मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। इस मैदान पर पिछले खेले गए दो मुकाबले रोमांचक रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर ऐसा ही कुछ हाल पंजाब और मुंबई के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में देखने को मिल सकता है। यहां गेंद और बल्ले के बीच संतुलन देखने को मिलेगा। हालांकि ओस दूसरी पारी में गिरेगी जिसकी वजह से लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम थोड़ा फायदे में रहेगी।
आज कैसा रहेगा मुल्लांपुर (मोहाली) का मौसम? (Mullanpur Mohali Weather Today)
पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच आज खेला जाने वाला मुकाबला मोहाली में बने नए स्टेडियम में खेला जाएगा। आज मोहाली के मुल्लांपुर में मौसम काफी गर्म रहने वाला है। दिन में धूप रहेगी बारिश के यहां कोई आसार नहीं है। उमस शाम के वक्त ज्यादा नहीं रहेगी लेकिन जैसे-जैसे मैच बढ़ेगा मौसम में उमस भी बढ़ती जाएगी। रात 11 बजे तक उमस बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा। आज दिन में मुल्लांपुर(मोहाली) का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेंटीग्रेड तक जाने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक रह सकता है। शाम के वक्त न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
